या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी के बीच अमेरिका में विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा। अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने शुक्रवार दोपहर को सभी उड़ानों को ग्राउंडेड करने का आदेश दिया, जिसके चलते हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस वजह से दुनियाभर में लाखों यात्री घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में परेशानी आने के कारण कई घंटे उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि अब 'ग्राउंड स्टॉप' हटा लिया गया है। कुछ अंतराराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना किया गया है। देशभर में फ्लाइट ऑपरेशन अभी भी प्रभावित है, सेवाओं के सामान्य होने में समय लगेगा। अमेरिका में आई दिक्कत के बीच एयर इंडिया ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
विमानों को जमीन पर क्यों रोकना पड़ा?
अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने शुक्रवार दोपहर देशभर की सभी उड़ानों पर रोक लगाने का एलान किया। इस आदेश के तहत विमानों को जमीन पर ही रहने और उड़ान न भरने के निर्देश दिए गए थे। जब यह आदेश जारी किया गया, उस समय 3,500 से अधिक विमान हवा में थे।
इस समस्या की वजह क्या थी?
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि पुरानी हवाई यातायात नियंत्रण तकनीक और डेटा के अत्यधिक दबाव से ओवरलोड हुए राउटर इस समस्या के लिए जिम्मेदार थे। इससे देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी।इससे पहले एफएए ने एयरलाइंस को बताया था कि समस्या शिकागो मिडवे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शुरू हुई और धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गई।
साइबर हमला नहीं, लेकिन जांच जारी
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि उनके विभाग को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चले कि उड़ानों पर रोक लगाने वाली दूरसंचार संबंधी समस्या किसी साइबर हमले के कारण हुई थी।हालांकि, उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। इसलिए इस आशंका को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।
यात्रियों पर क्या पड़ा असर?
उड़ानों से जुड़े आंकड़े देने वाली वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शुक्रवार को करीब 15,000 उड़ानें देरी से चलीं या रद्द कर दी गईं। वहीं, शनिवार के लिए अमेरिका के भीतर, वहां आने और वहां से जाने वाली 700 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। हवाई अड्डे यात्रियों को सलाह दे रहे हैं कि वहां पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें। कई यात्री इस असमंजस में हैं कि वे उड़ान का इंतजार करें या अपनी यात्रा के लिए कोई दूसरा इंतजाम करें।एक विमान से उतरे यात्रियों ने बताया कि उन्हें रनवे पर विमान में डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बैठे रहना पड़ा।
हवाई अड्डों पर विमानों को खड़ा करने की जगह कम पड़ी
देशभर में उड़ानों पर रोक के कारण बड़ी संख्या में विमान उड़ान नहीं भर सके। ऐसे में हवाई अड्डों पर विमानों को खड़ा करने के लिए गेट और रनवे के आसपास उपलब्ध जगह कम पड़ने लगी। एक हवाई अड्डे के सूत्र ने बताया कि रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर विमानों को खड़ा करने के लिए अब और जगह नहीं बची है। इस वजह से हवाई अड्डा दूसरे हवाई अड्डों से भेजे जाने वाले विमानों को भी स्वीकार नहीं कर सकता।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा असर
यूरोप की हवाई यातायात नियंत्रण संस्था यूरोकंट्रोल ने एफएए के अनुरोध पर शुक्रवार को अपने 42 सदस्य देशों से अमेरिका जाने वाली सभी उड़ानों के प्रस्थान पर रोक लगा दी। यह रोक अमेरिकी पूर्वी समयानुसार आधी रात तक लागू रहने वाली थी। इसके अलावा, एशिया के प्रमुख हवाई अड्डों से अमेरिका जाने वाली उड़ानें भी इस समस्या से प्रभावित हुईं।