बांग्लादेश में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि अमेरिकी सरकार और विदेश विभाग का आईआरएफ शिखर सम्मेलन और नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट से कोई संबंध नहीं है। इन कार्यक्रमों में मेहमानों के आमंत्रण और व्यवस्थाओं में सरकार शामिल नहीं होती है। एक रिपोर्ट में कहा गया था कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष और दो वरिष्ठ नेताओं को नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा है।
इसके जवाब में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि आईआरएफ शिखर सम्मेलन या नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट में भाग लेने वाले लोगों और पूर्व अधिकारियों के बयानों, टिप्पणियों, पदों या राय का अमेरिकी सरकार के विचार, पदों या नीतियों से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका आईआरएफ शिखर सम्मेलन या नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट कार्यक्रम की मेजबानी, आयोजन या फंडिंग नहीं कर रहा है। अमेरिका अपने देश और विश्व में धर्म या विश्वास की स्वतंत्रता सहित मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रताओं की सुरक्षा में सरकार और नागरिक समाज की भागीदारी का स्वागत करता हूं।
उन्होंने कहा कि आईआरएफ शिखर सम्मेलन के उद्देश्य, भागीदारी के अवसरों, योजनाओं, कार्यक्रमों, घटकों और अन्य जानकारियों के बारे में संगठन की वेबसाइट www.irfsummit.org पर जानकारी पाई जा सकती है। इसके अलावा नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट के बारे में www.npbfoundation.com पर जानकारी उपलब्ध है।
दरअसल, अमेरिका में पांच और छह फरवरी को नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट कार्यक्रम में बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर और स्थायी समिति के सदस्य अमीर खोसरू महमूद चौधरी को आमंत्रित किया गया है। यह समारोह आमतौर पर फरवरी के पहले गुरुवार को होता है। इसका उद्देश्य राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक अभिजात वर्ग के लिए एक मंच तैयार करना है, जहां वे एक साथ एकत्र होकर प्रार्थना कर सकें।
ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में 20 जनवरी को शपथ ग्रहण करेंगे। पिछले साल नवंबर में हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप को 312 इलेक्टोरल वोट्स और हैरिस को 226 इलेक्टोरल वोट्स मिले थे। चुनाव में बहुमत के लिए किसी प्रत्याशी को 270 इलेक्टोरल वोट्स की जरूरत होती है।