अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन
- फोटो : पीटीआई
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव काफी दिलचस्प होने के आसार हैं। वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन डेमोक्रेट खेमे से ताल ठोक रहे हैं, जबकि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन प्रत्याशी हैं। अलग-अलग श्रोतों से बाइडन के बदले दूसरे प्रत्याशी की अपेक्षा की खबरें आने के बीच डेमोक्रेट्स का एक धड़ा अभी भी मानता है कि ट्रंप से मुकाबले के लिए बाइडन से बेहतर उम्मीदवार नहीं है। बाइडन और उनकी रनिंग मेट भारतवंशी कमला हैरिस के चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाल रहीं जेन ओ'मैली डिलन ने कहा, बाइडन ट्रंप के खिलाफ लड़ने को प्रतिबद्ध हैं।
2020 में बाइडन को रिकॉर्ड 8.1 करोड़ से अधिक वोट मिले
उनसे पूछा गया कि कई डेमोक्रेट चाहते हैं कि बाइडन चुनाव से हट जाएं ताकि नए उम्मीदवार के लिए रास्ता बनाया जा सके और नवंबर में पार्टी को व्यापक नुकसान से बचाया जा सके। इस पर डिलन ने कहा, ट्रंप अमेरिकी लोगों के सामने कुछ भी नया पेश नहीं करने जा रहे हैं। ऐसे में बाइडन डोनाल्ड ट्रंप को हराने के लिए पहले से कहीं अधिक प्रतिबद्ध हैं। 2020 में बाइडन को रिकॉर्ड 8.1 करोड़ से अधिक वोट मिले थे। हम इस करीबी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कोरोना संक्रमण के इलाज पर डॉक्टर ने दी अहम जानकारी
चुनावी व्यस्तताओं के बीच इस सप्ताह की शुरुआत में 81 साल के बाइडन को कोविड-19 संक्रमित पाया गया। इसके बाद वे अपने डेलावेयर निवास पर आइसोलेशन में हैं। उनका इलाज कर रहे डॉक्टर के मुताबिक शुक्रवार सुबह उन्होंने पैक्सलोविड की अपनी चौथी खुराक पूरी कर ली। डॉ. केविन सी ओ'कॉनर के हवाले से व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने बताया कि खांसी और गला बैठना जैसे प्राथमिक लक्षण बने हुए हैं, लेकिन गुरुवार की तुलना में तबीयत में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नाड़ी, रक्तचाप, श्वसन दर और तापमान बिल्कुल सामान्य हैं। बता दें कि बाइडन कोरोना के किस वैरिएंट से संक्रमित हैं, ये फिलहाल सामने नहीं आया है। बता दें कि 17 जुलाई को बाइडन की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी।