नाथन मिलर अपने तबेले में गाय का दूध दुह रहे थे, जब पता चला कि वह शायद सचमुच चुनाव जीत सकते हैं। नतीजों की हर नई खेप आने पर उनकी पत्नी के फोन की घंटी बजती, और फिर 51 वर्षीय इस डेयरी किसान को पता चला कि जो चुनाव उन्होंने बस यूं ही लड़ने का फैसला किया, उसमें उन्हें जीत हासिल हो गई है। वामपंथी झुकाव रखने वाले मिलर आमतौर पर राष्ट्रीय चुनावों में ग्रीन पार्टी का समर्थन करते रहे हैं।
मिलर ने रूढ़िवादी माने जाने वाले उत्तर-पश्चिमी अर्कांसस में काउंटी असेसर (संपत्ति कर निर्धारण अधिकारी) के पद के लिए पर्चा सिर्फ इसलिए भरा था ताकि अपनी बात रख सकें। दरअसल. वह रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं को बिना किसी विरोध के जीतते देख थक चुके थे। लंबे बाल और घनी दाढ़ी रखने वाले मिलर कहते हैं, यह का लोकतंत्र नहीं लगता था।
ब्लूग्रास पंक बैंड में मैंडोलिन बजाते थे मिलर
कभी ब्लूग्रास पंक बैंड में मैंडोलिन बजाने वाले मिलर ने डेमोक्रेट के तौर पर नामांकन कराया तब सोचा भी नहीं था कि रिपब्लिकन उम्मीदवार को हरा सकते हैं और जीत के लिए उन्होंने कोई खास कोशिश भी नहीं की। नाथन मिलर की जीत देशभर में नीली लहर यानी डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रति व्यापक रुझानों का हिस्सा मानी जा रही है। महंगाई और ईरान के साथ जंग को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ नाराजगी के बीच डेमोक्रेट्स ने कई ऐसे स्थानीय और राज्य स्तरीय पदों पर जीत दर्ज की, जहां उनकी जीत की संभावना बेहद कम मानी जा रही थी।
न प्रचार किया, न ही चंदा जुटाया, जीत पर घबराए
मिलर के लिए पूरा घटनाक्रम मजाक जैसा था। उन्होंने न तो व्यापक चुनाव प्रचार किया और न ही चंदा जुटाया। अपनी जेब से 225 डॉलर खर्च कर कुछ साइनबोर्ड बनवाए और दिस ओल्ड हिलबिली नाम के टिकटॉक अकाउंट से एक वीडियो साझा कर कानूनी औपचारिकता के तहत इस खर्च का ब्योरा दिया। मिलर ने स्वीकारा कि जीतते ही उन्हें थोड़ी घबराहट होने लगी। उन्होंने अपनी पत्नी से उस इम्पोस्टर सिंड्रोम (खुद को काबिल न समझने की भावना) के बारे में बात की, जो 38 कर्मचारियों के स्टाफ की कमान संभालने पर उन पर हावी हो सकता है।
अन्य राज्यों में भी डेमोक्रेट प्रत्याशियों ने हासिल की अप्रत्याशित जीत
- एरिजोना : मैरिकोपा काउंटी में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र को सुपीरियर कोर्ट क्लर्क चुना गया। वहीं, मैकेनिकल इंजीनियर ब्रायन मैटलॉक 1974 के बाद एरिजोन के पहले डेमोक्रेटिक खदान निरीक्षक बने। बिना किसी पूर्व राजनीतिक अनुभव के उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर हस्ताक्षर जुटाए और खनिकों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए जीत हासिल की।
- कैलिफोर्निया : एक छोटे शहर के पूर्व मेयर ने बिना चंदा जुटाए अभियान चलाया, स्टेट हाउस में रिपब्लिकन नेता को हराया।
- आयोवा और टेक्सास : पश्चिमी आयोवा में बीमारी के कारण दौड़ से पहले नाम वापस लेने वाले पूर्व रेलवे अधिकारी व उत्तरी टेक्सास में पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के खुलासे के बाद अभियान रोक देने वाली उम्मीदवार दोनों डेमोक्रेट्स ने चुनाव जीत लिया।
नई जिम्मेदारी का अहसास
काउंटी असेसर की भूमिका व संपत्ति कर व्यवस्था में सुधार की संभावनाएं जानकर उनका उत्साह बढ़ा है। वार्षिक वेतन 1,55,000 डॉलर है, जो उनकी अब तक की सबसे अधिक कमाई वाली नौकरी होगी।
नेता न बनने की इच्छा
मिलर का कहना है कि वे पारंपरिक राजनेता की छवि में नहीं ढलना चाहते, जो लोगों से कटा हुआ दिखाई दे, बल्कि वे सामान्य जीवन और अपनी पहचान को बनाए रखना चाहते हैं।