राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइट हाउस के डॉक्टरों ने शनिवार से सार्वजनिक रैलियों में भाग लेने की इजाजत दे दी है। इसके साथ ही ट्रंप के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बढ़ गया है।
ट्रंप के संक्रमित होने के नौ दिन बाद शनिवार से चुनाव अभियान पर दोबारा लौटने की घोषणा के साथ ही उन्होंने कैबिनेट अधिकारियों को उनके सियासी विरोधियों के विरुद्ध अभियोग न चलाने पर लताड़ भी लगाई।
ट्रंप ने अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में न सिर्फ अपने प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन पर निशाना साधा बल्कि उपराष्ट्रपति पद की डेमोक्रेट दावेदार सीनेटर कमला हैरिस को भी एक ‘राक्षस’ और ‘कम्युनिस्ट’ कह डाला।
उन्होंने आगामी बृहस्पतिवार को बिडेन के साथ अगली डिबेट में हिस्सा लेने का संकल्प भी दोहराया। डॉक्टरों द्वारा सार्वजनिक गतिविधियों में लौटने की मंजूरी मिलने के तुरंत बाद ट्रंप ने शनिवार देर शाम फ्लोरिडा में चुनाव अभियान रैली में उतरने का एलान भी किया।
उन्होंने एक बार फिर कोरोना वायरस को खारिज करते हुए कहा, जब आप इस पर मजबूत पकड़ बना लेते हैं तो स्वस्थ हो जाते हैं। बता दें कि अमेरिका में कोविड 2.12 लाख से ज्यादा लोगों की जान ले चुका है। डॉ. सीन कॉनले ने कहा, राष्ट्रपति अब ठीक हो चुके हैं शनिवार को उनके उपचार का दसवां दिन होगा।
ट्रंप की मानसिक स्थिति जांचने की मांग, कानून लाएंगी पेलोसी
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर और डेमोक्रेटिक नेता नैंसी पेलोसी ने ट्रंप के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आयोग गठित करने की मांग की है। इसके लिए वे एक कानून लाने जा रही हैं।
यह आयोग संविधान के 25वें संशोधन के तहत गठित किया जाएगा जो अध्यक्ष कार्यालय के कर्तव्यों का संचालन करने में असमर्थ रहने पर राष्ट्रपति के कैबिनेट या कांग्रेस को दखल की अनुमति देता है। पेलोसी ने कहा, ट्रंप को अपने स्वास्थ्य के बारे में और अधिक खुलासा करना होगा। इसके जवाब में ट्रंप ने नैंसी को ‘क्रेजी’ बताते हुए कहा, उनका मानसिक परीक्षण होना चाहिए।
जो बिडेन जीते तो ‘कम्युनिस्ट’ कमला एक माह में उनकी जगह ले लेंगी : ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को अपने प्रतिद्वंद्वियों पर हमला करते हुए कहा, यदि जो बिडेन अमेरिकी चुनाव जीते, तो उनके साथ उपराष्ट्रपति की दौड़ में शामिल कमला हैरिस एक महीने में राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभालेंगी।
बिडेन राष्ट्रपति के रूप में दो महीने तक भी नहीं रह सकेंगे। ट्रंप ने कहा, कमला हैरिस एक ‘कम्युनिस्ट’ हैं, समाजवादी नहीं। वह हत्यारों और दुष्कर्मियों को देश में घुसाने के लिए सीमाएं खोलना चाहती हैं।
राष्ट्रपति पद को शोभा नहीं देता ट्रंप का बयान : बिडेन
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतवंशी कमला हैरिस के लिए ‘कम्युनिस्ट’ व ‘राक्षस’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने को लेकर डेमोक्रेट प्रत्याशी बिडेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति को आड़े हाथों लिया। बिडेन ने कहा, अमेरिकी जनता थक गई है और बीमार हो गई है।
बिडेन ने कहा, ट्रंप का बयान उनके पद को शोभा नहीं देता। बता दें कि हैरिस ने एक दिन पहले ट्रंप को चीन, नस्लवाद कोरोना प्रबंधन और रोजगार पर खरी-खोटी सुनाई थी।
मिशिगन गवर्नर ने उनके अपहरण की साजिश पर ट्रंप को बनाया निशाना
मिशिगन की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने अपने अपहरण की नाकाम साजिश से ट्रंप को जोड़ते हुए कहा कि राष्ट्रपति की टिप्पणियों ने अतिवादियों को प्रेरित किया है। डेमोक्रेटिक नेता व्हिटमर के अपरहण की साजिश रचने वाले गिरफ्तार हो चुके हैं।
व्हिटमर ने कहा कि ट्रंप ने कोरोना संकट के पिछले सात महीनों में ‘विज्ञान को नकारा है, अविश्वास पैदा किया और डर, घृणा व बंटवारा फैलाने वालों को आश्वस्त किया है।’ उन्होंने कहा, ‘नस्ली नफरत पैदा करने वाले समूहों ने ट्रंप की टिप्पणियों को फटकार के तौर पर नहीं, बल्कि गोलबंदी की ललकार के तौर पर लिया।’