तीन नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं। इस चुनाव में भारतीय-अमेरिकियों का वोट भी काफी मायने रखने वाला है। वहीं, बुधवार को एक नवीनतम सर्वेक्षण में खुलासा हुआ है कि भारतीय-अमेरिकियों का झुकाव किस पार्टी की तरफ है और वह किसे वोट देने वाले हैं। इसमें बताया गया कि राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय-अमेरिकियों के बड़े हिस्से का जुड़ाव डेमोक्रेटिक पार्टी से बना रहेगा और उनका रिपब्लिकन पार्टी की ओर स्थानांतरित होने का बहुत कम संकेत मिल रहा है।
सर्वेक्षण के मुताबिक कुल पंजीकृत भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं में 72 फीसदी की योजना डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन के पक्ष में मतदान करने की है जबकि 22 फीसदी मौजूदा राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप के पक्ष में मतदान करना चाहते हैं।
तीन फीसदी भारतीय समुदाय वोट नहीं करना चाहता
इससे ये बात तो स्पष्ट हो गई है कि मूल रूप से डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थक माना जाने वाला भारतीय-अमेरिकी समुदाय इस बार भी पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध है। तीन फीसदी भारतीय अमेरिकी हैं जो तीसरी पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करेंगे जबकि तीन फीसदी मतदान ही नहीं करना चाहते।
यह भी पढ़ें: कोरोना की चपेट में आए थे डोनाल्ड ट्रंप के बेटे बैरन, लेकिन नहीं हुआ था खुलासा
सर्वेक्षण में कहा गया, सामने आ रही नई धारणा के विपरीत भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेटिक पार्टी को लेकर प्रतिबद्ध हैं। इस बार पंजीकृत करीब तीन चौथाई भारतीय-अमेरिकी मतदाता जो बिडेन का समर्थन करने का मन बना चुके हैं। इसके उलट केवल 22 फीसदी डोनाल्ड ट्रंप के साथ हैं।
कमला हैरिस का भारतीय समुदाय में बड़ा रोल
रिपोर्ट में कहा गया है कि किचन टेबल के मुद्दे विदेश नीति की चिंताओं पर हावी हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी की उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने भारतीय-अमेरिकियों, विशेष रूप से डेमोक्रेट और राजनीतिक विश्वासों को अमेरिका-भारत के द्विपक्षीय संबंधों की धारणाओं में जोड़ दिया है। हैरिस ने भारतीय-अमेरिकियों को डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट करने के लिए प्रेरित किया है। बीते अगस्त महीने में उन्होंने अपनी मां श्यामला गोपालन का जिक्र कर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने भारतीय खाने इडली और मसाला डोसा का जिक्र भी किया था।
भारतीय समुदाय का बड़ा हिस्सा डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थक
यह सर्वेक्षण 936 भारतीय अमेरिकियों से बातचीत पर आधारित है। सितंबर महीने के शुरुआती 20 दिनों में ऑनलाइन माध्यम से इन लोगों से बातचीत की गई है। सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि भारतीय अमेरिकी समुदाय डेमोक्रेटिक पार्टी के आधार वोट बैंक में माना जाता रहा है। 56 फीसदी लोगों ने माना कि उनकी पहचान एक डेमोक्रेटिक समर्थक के तौर पर है। वहीं सिर्फ 15 फीसदी का कहना था कि उनकी पहचान रिपब्लिकन समर्थक के तौर पर है।
यह भी पढ़ें: ताजा सर्वे: ट्रंप-बिडेन में कांटे की टक्कर, कुछ राज्यों में डेमोक्रेट उम्मीदवार आगे
किसने किया है सर्वेक्षण
'भारतीय अमेरिकी कैसे मतदान करेंगे?' शीर्षक से प्रकाशित रिपोर्ट भारतीय-अमेरिकी व्यवहार सर्वेक्षण-2020 के नतीजों पर आधारित है। यह सर्वेक्षण कार्नेजी इनडाउमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस, जॉन हॉपकिंस-एसएआईएस और पेनसिल्वेनिया विश्वविद्यालय की साझेदारी में किया गया है।