'जॉर्ज वाशिंगटन का कार्यकाल दूससे नंबर पर, मेरी सरकार अब टॉप पर'
ट्रंप ने कहा, 'मैंने अब तक लगभग 100 एग्जीक्यूटिव ऑर्डर्स पर साइन किए हैं और छह हफ्ते पहले पद संभालने के बाद 400 से ज्यादा कार्यकारी कदम उठाए हैं। हमारी 43 दिन की सरकार इतिहास की सबसे सफल सरकार है। लोगों ने मुझे इस काम के लिए चुना और मैं यह कर रहा हूं। अब जॉर्ज वाशिंगटन का कार्यकाल दूससे नंबर पर आ गया है। मेरी सरकार अब टॉप पर है।'
'अमेरिका में मुक्त भाषण वापस आया'
ट्रंप ने कहा, '...हमने हथियारबंद सरकार को खत्म कर दिया है, उदाहरण के लिए एक बैठे हुए राष्ट्रपति को मेरे जैसे अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पर क्रूरतापूर्वक मुकदमा चलाने की अनुमति है, यह कैसे काम कर सकता है? यह अच्छा नहीं था। हमने अमेरिका में मुक्त भाषण वापस लाया है। दो दिन पहले मैंने अंग्रेजी को अमेरिका की आधिकारिक भाषा बनाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं।'
'अमेरिकी इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति जो बाइडन'
ट्रंप ने कहा, 'पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर मैंने हमारी दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी। मैंने अपने देश पर आक्रमण को रोकने के लिए अमेरिकी सेना और सीमा गश्ती दल को तैनात किया और उन्होंने क्या शानदार काम किया है! नतीजतन पिछले महीने अवैध सीमा पार करने की घटनाएं अब तक के सबसे कम रिकॉर्ड की गईं। इसकी तुलना में अमेरिकी इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति जो बाइडन के शासन में हर महीने सैकड़ों हजारों अवैध क्रॉसिंग होती थीं।
'केवल दो लिंग हैं, पुरुष और महिला'
संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'हमने अपने पब्लिक स्कूलों से आलोचनात्मक नस्ल सिद्धांत का जहर निकाल दिया है। मैंने एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे यह अमेरिकी सरकार की आधिकारिक नीति बन गई है कि केवल दो लिंग हैं, पुरुष और महिला...।'
फेडरल भर्तियों, नीतियों और विदेशी सहायता पर तुरंत रोक लगाई
ट्रंप ने कहा कि मैंने पद संभालते ही सभी फेडरल भर्तियों, नीतियों और विदेशी सहायता पर तुरंत रोक लगा दी। मैंने बेवकूफी भरा ग्रीन न्यू स्कैम खत्म कर दिया। अमेरिका को बेकार पेरिस जलवायु समझौते, भ्रष्ट विश्व स्वास्थ्य संगठन और अमेरिका के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र ह्यूमन राइट्स कमीशन से भी अलग कर दिया। मैंने जो की पर्यावरण नीतियों को खत्म किया। यह देश की सुरक्षा के लिए खतरा थीं। महंगाई बढ़ा रही थीं। हमने पिछली सरकार के पागल इलेक्ट्रिक व्हीकल नियम को खत्म किया।
'योग्यता के आधार पर नियुक्त और पदोन्नत किया जाना चाहिए, न कि नस्ल या लिंग के आधार पर'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हमने ट्रांसजेंडर एथलीट्स को महिलाओं के खेलों में हिस्सा लेने से रोका। हमने फेडरल सरकार, प्राइवेट सेक्टर और अमेरिकी सेना में लागू डायवर्सिटी, इक्विटी और इन्क्लूजन (डीआईई) नीतियों को खत्म किया। अब हमारा देश जागता नहीं रहेगा। हमारा मानना है कि चाहे आप डॉक्टर हों, एकाउंटेंट हों, वकील हों या एयर ट्रैफिक कंट्रोलर हों, आपको कौशल और योग्यता के आधार पर नियुक्त और पदोन्नत किया जाना चाहिए, न कि नस्ल या लिंग के आधार पर। सुप्रीम कोर्ट ने एक साहसी और बहुत शक्तिशाली निर्णय में हमें ऐसा करने की अनुमति दी है।
'पिछले प्रशासन से एक आर्थिक तबाही और मुद्रास्फीति का बुरा सपना विरासत में मिला'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'हमें पिछले प्रशासन से एक आर्थिक तबाही और मुद्रास्फीति का बुरा सपना विरासत में मिला है। उनकी नीतियों ने ऊर्जा की कीमतों को बढ़ा दिया। लाखों अमेरिकी लोगों की पहुंच से जीवन की आवश्यकताएं दूर कर दिया। हमने 48 वर्षों में सबसे खराब मुद्रास्फीति का सामना किया। किराने का सामान महंगा किया। बाइडन ने अंडों की कीमतें बेकाबू होने दीं। राष्ट्रपति के रूप में मैं इस क्षति को दूर करने और अमेरिका को फिर से किफायती बनाने के लिए हर दिन लड़ रहा हूं।' ट्रंप ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता अमेरिकी अर्थव्यवस्था को बचाना है। इसके अलावा हमें कामकाजी परिवार को तत्काल बड़ी राहत देना है।
ट्रंप ने मस्क की जमकर तारीफ की
ट्रंप ने अपने संबोधन में एलन मस्क और उनके सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) का विशेष जिक्र किया। ट्रंप ने मस्क की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वे ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहे हैं। इससे अमेरिका में जरूरी खनिजों और दुर्लभ धातुओं का उत्पादन तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DoGE) बनाया है। ट्रंप ने गैलरी में बैठे एलन मस्क की तरफ इशारा किया। उन्हें शुक्रिया कहा। ट्रंप ने कहा कि आप बहुत मेहनत कर रहे हैं। आप देश के लिए ऐसा कर रहे हैं।
ट्रंप के भाषण की अन्य बातें
- ट्रंप ने कहा कि हम गोल्ड कार्ड वीजा सिस्टम लाएंगे। इसमें पांच मिलियन डॉलर के निवेश पर अमेरिकी नागरिकता का रास्ता मिल सकता है।
- ट्रंप ने एलान किया कि अगर कोई कंपनी अमेरिका में अपना प्रोडक्ट नहीं बनाएगी, तो उसे टैरिफ देना होगा।
- उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल से अमेरिका में रिसिप्रोकल टैरिफ लागू होगा। अन्य देश हम पर जितना टैरिफ लगाएंगे, हम भी उन पर उतना ही लगाएंगे। वे हम पर जितना टैक्स लगाएंगे, हम भी उन पर उतना ही टैक्स लगाएंगे।
- ट्रंप ने कहा कि मैं इसे 1 अप्रैल को लागू करना चाहता था, लेकिन फिर लोग इसे 'अप्रैल फूल' समझते।
- ट्रंप ने कहा कि हम इतिहास की सबसे महान अर्थव्यवस्था बनाएंगे और कांग्रेस सभी के लिए टैक्स कटौती का बिल पास करेगी।
- उन्होंने कहा कि वे टिप, ओवरटाइम और सीनियर सिटीजन्स के सोशल सिक्योरिटी बेनेफिट्स पर टैक्स खत्म करने की मांग कर रहे हैं।
- ट्रंप ने कहा कि 100 साल से ज्यादा उम्र के लाखों मृत लोग सोशल सिक्योरिटी पेमेंट का लाभ उठा रहे हैं। हम पता लगाएंगे कि पैसा कहां जा रहा है।
- उन्होंने कहा कि हम कार लोन पर दी जाने वाली ब्याज राशि को टैक्स डिडक्टिबल बनाना चाहते हैं, लेकिन सिर्फ उन्हीं कारों के लिए जो अमेरिका में बनी हों।
लेकन राइली का भी जिक्र किया
ट्रंप ने लेकन राइली का भी जिक्र किया। राइली का 2023 में वेनेजुएला से आए एक अवैध अप्रवासी जोस इबारा ने खून कर दिया था। ट्रंप ने इसके लिए बाइडन प्रशासन की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राइली की मां और बहन आज चेंबर में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी न्याय व्यवस्था को कट्टरपंथी वामपंथियों ने बर्बाद कर दिया है।
शपथ लेने के बाद ट्रंप का अमेरिकी कांग्रेस में यह पहला भाषण
20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद ट्रंप का अमेरिकी कांग्रेस में यह पहला भाषण है। इस दौरान ट्रंप ने अपने 44 दिनों के कामकाज को जिक्र किया। उनके संबोधन में अमेरिका को फिर से महान बनाने का जिक्र था। पूरा सत्र अमेरिका, अमेरिका के नारों से गूंजता रहा। ट्रंप का संबोधन ऐसे समय पर हुआ, जब अमेरिकी रूस और यूक्रेन की जंग को रोकने का प्रयास कर रहा है। इसके अलावा वह ट्रंप पश्चिम एशिया में शांति लाने के प्रयासों का भी दावा कर रहे हैं।
किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का सबसे लंबा भाषण
ट्रंप का आज का भाषण संसद के संयुक्त सत्र को दिया पहला और आधिकारिक तौर पर सबसे लंबा भाषण था। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के 1993 के 65 मिनट लंबे भाषण का रिकॉर्ड तोड़ा। ट्रंप ने 2017 में अपने पहले संयुक्त सत्र के दौरान भी एक घंटे से ज्यादा समय तक बोला था। आज ट्रंप ने एक घंटे और 40 मिनट से अधिक समय तक भाषण दिया। उन्होंने राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के 2000 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ा, जो 1 घंटे 28 मिनट और 49 सेकंड तक चला था।