अमेरिका के 70 वर्षीय सांसद ब्रैड शेरमन ने पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने आतंकी संगठन- जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा, अमेरिकी पत्रकार पर्ल का परिवार अब भी उनके जिले- कैलिफोर्निया में रहता है। भारत के साथ कश्मीर मुद्दे को सुलझाने का दिखावा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय विवाद बनाने की नाकाम कोशिश कर रहे बिलावल और अन्य पाकिस्तानी नेताओं से मुलाकात के दौरान अमेरिकी सांसद शेरमन ने कहा, पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण चिंता है। पाकिस्तान में रहने वाले ईसाइयों, हिंदुओं और अहमदिया मुसलमानों को हिंसा, उत्पीड़न, भेदभाव के बिना अपने धर्म का पालन करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भाग लेने की अनुमति दी जानी चाहिए।