अमेरिकी रक्षा सचवि पीट हेगसेथ ने रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बीच यूक्रेन को नाटो की सदस्यता की उम्मीद छोड़ने की सलाह दी है। साथ ही हेगसेथ ने कहा कि यूक्रेन को युद्ध खत्म करने के लिए रूस से बातचीत करने की जरूरत है।
डोनाल्ड ट्र्ंप के अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही दुनिया इस बात के इंतजार में है कि रूस के साथ चल रहे युद्ध में ट्रंप यूक्रेन को कितनी सैन्य और वित्तीय मदद करने वाले है। इसी बीच अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि यूक्रेन के लिए नाटो की सदस्यता प्राप्त करने की उम्मीद छोड़ने की सलाह दी है।
विज्ञापन
हेगसेथ ने यूक्रेन को दिया सुझाव
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यूक्रेन को अपनी 2014 से पहले की सीमाओं में वापस लौटने की उम्मीदें छोड़ देनी चाहिए और रूस के साथ बातचीत के जरिए समाधान ढूंढने की तैयारी करनी चाहिए। इस बातचीत में अंतरराष्ट्रीय सैन्य बलों का समर्थन भी हो सकता है।
बता दें कि अमेरिकी रक्षा सचि हेगसेथ ने बुधवार को यह टिप्पणी की, जब वह नाटो और यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह की पहली यात्रा के दौरान वहां मौजूद थे। इस दौरान सहयोगी देशों को यह जानने का इंतजार था कि अमेरिका यूक्रेन की सरकार को कितनी सैन्य और वित्तीय मदद देने की योजना बना रहा है।
यूक्रेन के रक्षा को लेकर ट्रंप का विचार
हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन की रक्षा की जिम्मेदारी यूरोप को सौंपने के पक्ष में हैं। इसमें एक शांति सेना भी हो सकती है, जिसमें अमेरिकी सैनिक शामिल नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर अमेरिकी सैनिक रूसी सेना के संपर्क में आते हैं, तो उन्हें नाटो के अनुच्छेद 5 सुरक्षा का लाभ नहीं मिलेगा।