अमेरिका ने ईरान के ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े आरोपों में ईरान और वेनेजुएला के 10 लोगों व कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगाए। ट्रंप प्रशासन ने इसे मध्य पूर्व में अमेरिकी सुरक्षा के लिए खतरा बताया।
अमेरिका ने ईरान के ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े कथित नेटवर्क पर बड़ा कदम उठाते हुए ईरान और वेनेजुएला के 10 लोगों और कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह गतिविधियां अमेरिका और उसके मध्य पूर्वी सहयोगियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।
गौरतलब है कि फरवरी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ मैक्सिमम प्रेशर यानी अधिकतम दबाव अभियान दोबारा शुरू किया था। इसका उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकना बताया गया। इसी कड़ी में इस साल गर्मियों में अमेरिका ने इजरायल-ईरान के बीच खुले संघर्ष के बाद ईरान की तीन अहम यूरेनियम संवर्धन सुविधाओं पर हमले भी किए थे।
वहीं अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि ईरान लगातार संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा है। उन्होंने कहा कराकस को पारंपरिक हथियारों की आपूर्ति करना हमारे क्षेत्र में अमेरिकी हितों के लिए खतरा है। अमेरिका के इस कदम को ईरान और वेनेजुएला पर बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में वैश्विक राजनीति और सुरक्षा समीकरणों पर असर पड़ सकता है।