अमेरिका में एक अदालत ने शुक्रवार को दो बच्चों का कई साल तक यौन शोषण करने के एक दोषी को 600 साल कैद में रखे जाने की सजा सुनाई। संघीय अभियोजक के मुताबिक, यूएस डिस्ट्रिक्ट जज स्कॉट कूगलर ने कॉटनडेल के रहने वाले 32 साल के मैथ्यू टायलर मिलर को विभिन्न आरोपों में दोष स्वीकार करने के एक साल बाद आजीवन कैद की सजा सुनाई।
एफबीआई के स्पेशल एजेंट जॉनी शार्प जूनियर ने कहा, जिन अपराधों के लिए मिलर ने खुद को दोषी माना था, वे केवल विक्षुब्ध करने वाले ही नहीं थे बल्कि वे कुत्सित थे। उसकी हरकतों ने बच्चों से उनका बचपन चुरा लिया। अभियोजकों का कहना है कि मिलर ने जिन बच्चों को 2014 से फरवरी 2019 के बीच अपनी हवस का शिकार बनाया, वे उसकी हरकतें शुरू होने के समय महज 4 साल के थे।
मिलर के कब्जे से मिली इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में इन बच्चों की 102 पोर्न तस्वीरें पाई गईं। मिलर ने अक्तूबर, 2019 में अपना गुनाह स्वीकार किया था। मिलर को 600 साल की सजा घोषित होने के बावजूद 12 साल से कम उम्र के बच्चों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए अनैतिक संबंधों के आरोपों में मुकदमे का सामना करना पड़ेगा।