लॉस एंजेलिस में लगी आग से जुड़े आंकड़े।
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित लॉस एंजेलिस में लगी आग ने जबरदस्त तबाही मचाई है। सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों के फुटेज में दमकलकर्मियों को जान पर खेलकर आग बुझाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। बताया गया है कि अब तक काफी क्षेत्रों में आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, बुधवार तक एक बार फिर तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे में माना जा रहा है कि आग के बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
जंगलों में लगी इस आग को लॉस एंजेलिस के इतिहास की सबसे ज्यादा तबाही फैलाने वाली आगजनी की घटना कहा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, हजारों लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकाला जा चुका है। हालांकि, तेज हवाओं में आग फैलने के खतरे को दखेत हुए राहत और बचाव कार्य अभी भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इन घटनाओं में मौतों की संख्या बढ़ने का भी अनुमान है।
ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर अब तक आग लगने की इन घटनाओं ने कितनी तबाही मचाई है? इसकी शुरुआत कहां से और कैसे हुई? आग की चपेट में आकर अब तक कितनी जानें गईं और कितने लोग लापता हुए हैं? इसके अलावा आग को अब तक बुझाया क्यों नहीं जा सका है? और अब तक मामले में किसे जिम्मेदार पाया गया है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हो रही हैं? आइये जानते हैं...
लॉस एंजेलिस में आग ने अब तक कितनी तबाही मचाई?
कैलिफोर्निया राज्य की दमकल एजेंसी- कैल फायर के मुताबिक, मंगलवार (7 जनवरी) को पहली आग की घटना दर्ज की गई। तब से लेकर अब तक कई अलग-अलग जगहों पर आग लग चुकी है। इसमें लॉस एंजेलिस काउंटी का 40,000 एकड़ का इलाका जल चुका है। गौरतलब है कि अमेरिका में चक्रवाती तूफान की तरह ही आग के भी नाम रखने का चलन है। अब तक तीन बड़ी आग में लॉस एंजेलिस में 12,000 से ज्यादा इमारतें जल चुकी हैं।
पानी की कमी ने कैसे डाला आग बुझाने के प्रयासों पर असर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस दौरान दमकलकर्मी इन आग को घातक स्तर तक पहुंचने से रोकने के लिए जी-जान लड़ा रहे थे, उसी दौरान उनकी कोशिशों को बड़ा झटका लगा। दरअसल, कैलिफोर्निया में जलाशयों में कम पानी की मौजूदगी की बात सामने आई, जिससे यहां हाइड्रेंट्स में प्रेशर कम हो गया।
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने स्वतंत्र जांच की मांग की है कि किस तरह पानी की कमी ने लॉस एंजेलिस क्षेत्र में लगी आग के खिलाफ लड़ाई को नुकसान पहुंचाया। गेविन न्यूसम ने कहा कि उन्होंने कुछ फायर हाइड्रेंट में पानी की सप्लाई की कमी और सैंटा यनेज जलाशय के मेंटेनेंस के लिए बंद होने की कथित घटनाओं की जांच शुरू कराई है। बताया गया है कि सैंटा यनेज रिजरवॉयर में मेंटेनेंस की वजह से पानी न होने की बात सामने आई।