भारत केंद्रित एक शीर्ष अमेरिकी व्यापार पैरोकारी समूह ने आगामी बाइडन प्रशासन से आग्रह किया है। उसने कहा कि बाइडन एच-1बी वीजा पर प्रतिबंधों को कम करें और देश में आईटी पेशेवरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए विज्ञान-गणित की डिग्री वाले उच्च शिक्षा प्राप्त छात्रों को ग्रीन कार्ड दें।
भारत-अमेरिकी समूह ने कहा, विज्ञान-गणित की डिग्री वाले उच्च शिक्षा प्राप्त छात्रों को ग्रीन कार्ड दें
अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 31 दिसंबर को सबसे अधिक मांग वाले एच-1बी वीजा के साथ ही दूसरे सभी तरह के विदेशी कार्य वीजा पर रोक को तीन महीनों के लिए 31 मार्च 2021 तक बढ़ा दिया था, जिससे बड़ी संख्या में भारतीय आईटी पेशेवर प्रभावित हुए।
राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडन ने ट्रंप की आव्रजन नीतियों को क्रूर बताते हुए एच-1बी वीजा पर प्रतिबंधों को खत्म करने का वादा किया था। अमेरिका-भारत रणनीतिक और साझेदारी मंच के अध्यक्ष मुकेश अघी ने कहा, यह एक कानूनी मामला है।
हमने बाइडन प्रशासन से सिफारिश की है कि एच-1बी (वीजा) को आसान बनाएं, लेकिन साथ ही प्रत्येक स्टेम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) पीएचडी डिग्रीधारक को ग्रीन कार्ड देना चाहिए, ताकि वे यहां रह सकें और पहले दिन से करदाता के रूप में योगदान कर सकें।