फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईरान पर बरसे अमेरिकी बम, ट्रंप बोले- 'एक के बदले 20 हमले करेंगे', शांति समझौता खत्म होते ही क्यों बढ़ा तनाव?

Thu, 09 Jul 2026 07:40 AM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई का एलान करते हुए कहा कि अमेरिका हर हमले का कई गुना ज्यादा जवाब देगा। अंतरिम शांति समझौता खत्म घोषित करने के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने ईरान पर नए हवाई हमले शुरू कर दिए। अमेरिकी सेना का कहना है कि इन हमलों का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना है। 
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : ANI/ अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अंतरिम शांति समझौता खत्म घोषित करने के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने ईरान पर नए हवाई हमले शुरू कर दिए। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ चेतावनी दी कि अगर ईरान ने अमेरिका पर हमला किया तो उसे हर बार कई गुना ज्यादा जवाब मिलेगा। वहीं, अमेरिकी हमलों के बीच ईरान के कई शहरों में धमाकों की खबरों ने पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ा दिया है।

विज्ञापन

 

ट्रंप ने हमले को लेकर क्या कहा?
ईरान पर और हमले करने के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'हमने उन्हें 20 के मुकाबले 1 के हिसाब से जवाब दिया। हर बार जब वे हम पर हमला करेंगे, तो हम उन पर 20 हमले करेंगे। यह पिछली रात का बदला था। दरअसल उन्होंने दो नहीं, बल्कि तीन नौकाओं पर हमला किया था। जब वे हमला करते हैं, तो हम उससे कहीं ज्यादा जोरदार जवाब देते हैं।'
विज्ञापन


 क्या समझौते के लिए बेताब है ईरान
अमेरिका द्वारा ईरान पर अतिरिक्त हमले शुरू किए जाने को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'हम पहले ही सैन्य रूप से जीत चुके हैं। उनके पास अब बहुत कम बचा है। उन्होंने कुछ समय पहले फोन किया था। वे किसी भी कीमत पर समझौता करना चाहते हैं। लेकिन मुझे नहीं पता कि वे समझौता करने के लायक हैं या नहीं। यह भी नहीं कह सकता कि वे किसी समझौते का सम्मान करेंगे।' एक सवाल के जवाब में, जब उनसे पूछा गया कि यदि ईरान समझौता करना चाहता है तो उसने वाणिज्यिक जहाजों पर हमला क्यों किया, ट्रंप ने कहा, "वे एक तरह से पागल हो चुके हैं। उनका नियंत्रण बिगड़ गया है। लेकिन वे समझौता करना चाहते हैं, और बहुत बुरी तरह चाहते हैं।'

अमेरिका ने कब शुरू किए नए हवाई हमले?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के साथ अंतरिम शांति समझौते को समाप्त घोषित करने के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने गुरुवार को ईरान पर नए हवाई हमले शुरू कर दिए। अमेरिकी सेना ने कहा कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य ईरान की उस सैन्य क्षमता को कमजोर करना है, जिससे वह होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता के लिए खतरा पैदा कर सकता है।

सेंटकॉम ने क्या बताया कार्रवाई का उद्देश्य?
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी बलों ने ईरान के खिलाफ अतिरिक्त सैन्य अभियान शुरू किया है। सेंटकॉम ने कहा, 'व्यावसायिक जहाजों और नागरिक चालक दल पर हालिया अनुचित हमलों के लिए ईरान जिम्मेदार है। होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग पर नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'

ईरान में कहां गूंजे धमाके?
अमेरिकी हमलों के बीच ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने कोनारक, चाबहार और बंदर अब्बास के आसपास विस्फोट होने की जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, बंदर अब्बास के निकट ईरानी वायु रक्षा प्रणाली ने कथित दुश्मन के लक्ष्यों को निशाना बनाया। वहीं, ईरान की मिजान न्यूज एजेंसी ने भी सिरिक और बंदर अब्बास में धमाकों की आवाज सुनाई देने की पुष्टि की। बाद में सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने बताया कि विस्फोटों के बाद चाबहार के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

ट्रंप ने पहले ही दे दी थी हमले की चेतावनी
अमेरिकी सेना की ताजा कार्रवाई से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दे दिए थे कि अमेरिका बुधवार रात ईरान पर और सैन्य हमले करेगा। तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात से पहले ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, 'मैं पहले ही चेतावनी दे देता हूं, हम आज रात उन पर ज़ोरदार हमला करने जा रहे हैं।'

ये भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरान पर फिर शुरू किए हमले, सेंट्रल कमांड ने बयान जारी कर दी जानकारी

 बड़े युद्ध को लेकर अमेरिका ने क्या कहा? 
अमेरिका की ताजा सैन्य कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब ट्रंप ने कुछ घंटे पहले ही ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए हुए अंतरिम समझौते को खत्म घोषित किया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि दोनों देशों के बीच हालिया संघर्ष अब पूर्ण युद्ध में बदलने जा रहा है।
विज्ञापन


परमाणु संघर्ष में बदल सकता था भारत-पाकिस्तान युद्ध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, 'भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध तेज़ी से बढ़ रहा था। उस दौरान 11 विमान मार गिराए गए थे और स्थिति परमाणु युद्ध तक पहुंच सकती थी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने मुझसे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 3 से 5 करोड़ लोगों की जान बचा ली। लेकिन मेरा मानना है कि मरने वालों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती थी।' ट्रंप के इस बयान ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान तनाव और उसमें अमेरिका की कथित भूमिका को लेकर नई बहस छेड़ दी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें