व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार रात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की अगवानी की। इस मुलाकात के दौरान कश्मीर मुद्दा उठने पर राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान से विवाद सुलझाने में मध्यस्थता की पेशकश की। उन्होंने कहा ऐसा करने में उन्हें खुशी होगी।
इस बीच, एमक्यूएम ने विभाजन के दौरान भारत से पाकिस्तान आए लोगों (मुहाजिर) के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर वाशिंगटन के यूएस कैपिटल के सामने प्रदर्शन किया और पाकिस्तान व इमरान के खिलाफ नारे लगाए। एमक्यूएम ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान सरकार कराची और आसपास के इलाकों में रह रहे मुहाजिरों के साथ सौतेला व्यवहार करती है। उनके मानवाधिकारों का लंबे समय से उल्लंघन हो रहा है।
इमरान खान ने कहा कि आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में टीम के प्रदर्शन के बाद वो पाकिस्तानी टीम को ठीक कर देंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं जब इंग्लैंड गया तो मैंने वहां क्रिकेट खेलना सीखा। जब हम वापस आए तो हमने अन्य खिलाड़ियों के स्टैंडर्ड को भी बढ़ा दिया। इस विश्व कप में पाकिस्तानी टीम के प्रदर्शन के बाद मैंने निर्णय लिया है कि मैं टीम को ठीक कर दूंगा। मैं दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनाने पर काम कर रहा हूं।’
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने पाकिस्तान से घरेलू स्तर पर कर राजस्व संग्रह बढ़ाने को कहा है। वित्तीय संकट में फंसे पाकिस्तान को आईएमएफ ने हाल में 6 अरब डालर का राहत पैकेज मंजूर किया है। आईएमएफ के कार्यवाहक प्रबंध निदेशक डेविड लिप्टन ने कहा, ‘मैंने सामाजिक और विकास के लिए जरूरी खर्चों को देखते हुए पाकिस्तान से घरेलू कर राजस्व संग्रह बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला है, ताकि कर्ज में कमी लाई जा सके। मैंने पीएम इमरान के साथ हालिया आर्थिक घटनाक्रमों और आईएमएफ द्वारा समर्थित आर्थिक सुधार कार्यक्रम पर चर्चा की।