संयुक्त राष्ट्र में पांचवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
- फोटो : Social Media
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सैंकड़ों अधिकारी और राजनयिकों ने हिस्सा लिया। सभी ने साथ मिल कर जलवायु परिवर्तन से निपटने और सहिष्णुता और शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य के साथ योग दिवस मनाया। इस दौरान महासभा का हॉल लगातार 'ओम' और 'शांति' की ध्वनि से गूंजता रहा।
इस कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए उपमहासचिव अमीना मोहम्मद ने कहा कि योग का सार संतुलन है। न केवल हमारे भीतर बल्कि मानवता के साथ हमारे संबंधों में भी। लोगों ने योग और तरह-तरह के आसनों का अभ्यास करते हुए ओम शांति, शांति ओम मंत्र का उच्चारण किया, साथ ही अनुलोम विलोम प्राणायाम का भी आनंद लिया।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच साल पहले 2014 में महासभा में अपने संबोधन में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद पूरा विश्व इस साल पांचवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। इसके लिए भारत लगातार पांच सालों से सभी देशों का सहयोग कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के हॉल में पहली बार विशाल योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र के राजनयिकों और अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में योगगुरु, योग करने वाले बच्चे और विभिन्न वर्गों के लोग भी पहुंचे थे।