घर में आग लगने के चलते पत्नी को बचाने की कोशिश करते हुए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक भारतीय युवक 90 फीसदी तक झुलस गया है। 32 वर्षीय अनिल नाइनन फिलहाल बेहद नाजुक हालत में है और वह जिंदगी-मौत के बीच झूल रहा है। यूएई के अखबार ‘खलीज टाइम्स’ ने एक करीबी रिश्तेदार के हवाले से बताया कि अनिल मूलत: केरल का रहने वाला है। अनिल की रिश्तेदार जूली ने कहा, ‘डॉक्टरों ने कहा है कि उसकी हालत बहुत नाजुक है और हम सभी उनके लिए दुआ कर रहे हैं।’
दुबई के रास अल खैमाह शहर में सेंट थॉमस मार थोमा चर्च के विकार सोजन थॉमस ने बताया कि दोनों को शेख खलीफा जनरल अस्पताल ले जाया गया और मंगलवार को अबू धाबी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा, ‘हमें सटीक जानकारी नहीं है, लेकिन पहले नीनू आग की चपेट में आई जब वह गलियारे में थी। बेडरूम में मौजूद अनिल अपनी पत्नी को बचाने के लिए भागा और आग की चपेट में आ गया।’