संयुक्त राष्ट्र में बहस के दौरान कश्मीर के मुद्दे को उठाने के लिए भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई और उसकी इस कोशिश को झूठ फैलाने के लिए हताशा भरा प्रयास बताया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में काउंसलर प्रतीक माथुर ने कहा कि आज जब हम यूएनएससी सुधारों पर चर्चा करने के लिए मिल रहे हैं, तो पाकिस्तान के एक प्रतिनिधि ने फिर से जम्मू-कश्मीर का अनुचित संदर्भ दिया है।
अफगानिस्तान में भारतीय परियोजनाओं पर लगा ब्रेक
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थाई मिशन में काउंसलर आर मधुसूदन ने कहा कि अफगानिस्तान पर तालिबान शासन से पहले भारत ने वहां तीन अरब डॉलर की परियोजनाओं को लागू किया था। हालांकि, तालिबान के अधिग्रहण के बार इन परियोजनाओं की गति धीमी हुई है। उन्होंने कहा, अफगानिस्तान के साथ भारत की साझेदारी के तहत सभी 34 प्रांतों में जन-केंद्रित परियोजनाएं शामिल थीं, जिनका उद्देश्य अफगानिस्तान को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना था। हालांकि, बदले राजनीतिक परिदृश्य के कारण हमारी परियोजनाओं की गति धीमी हो गई। इसके बावजूद भारत ने अफगानिस्तान के लोगों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत अफगानिस्तान में सुरक्षा स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है और अफगानिस्तान से संबंधित मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है।