यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और पीएम मोदी से हुई सकारात्मक बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी जताई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता को शुभकामनाएं दीं। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इस सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अच्छी और स्पष्ट बातचीत हुई, जिसमें मैंने उन्हें व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने आगे लिखा कि हमारे देश आजादी, गरिमा, शांति और विकास के लिए संघर्ष का साझा अनुभव रखते हैं। हमें उम्मीद है कि भारत युद्ध खत्म करने में सहयोग करेगा, ताकि हमारी आजादी और संप्रभुता सुरक्षित रह सके। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने आगे विज्ञान, तकनीक, व्यापार और संस्कृति के क्षेत्र में भारत-यूक्रेन के बीच मजबूत संबंधों की भी बात की। साथ ही दोनों देशों के बीच बेहतर सहयोग की आशा जताई।