रूस-यूक्रेन युद्ध के 94वें दिन मॉस्को ने पूर्वी यूक्रेन में भीषण संग्राम जारी रखते हुए तबाही मचा दी है। यहां तक कि रूस के सुदूर पूर्व में प्रिमोर्स्की प्रांत की विधायिका में पांच डिप्टी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को खुला पत्र लिखकर सेना वापस बुलाने की मांग की है। उधर, लुहांस्क प्रांत के गवर्नर ने दावा किया कि क्षेत्र में रूस के करीब 10,000 लड़ाके घुस गए हैं जबकि यहां रूसी सैनिकों की कई यूनिटें पहले ही मौजूद हैं। वहीं, दूसरी तरफ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जर्मनी और फ्रांस के नेताओं को यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति बढ़ाने के खिलाफ चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि वे पश्चिमी देश में स्थिति को और अस्थिर कर सकते हैं।
प्रिमोर्स्की प्रांत की विधायिका के पांच डिप्टी ने पुतिन को लिखे पत्र में कहा है कि रूस तुरंत लड़ाई बंद करे। कम्युनिस्ट पार्टी के एक डिप्टी लियोनिद वासुकेविच ने कहा है कि रूस में काम करने के लिए यूक्रेन में लड़ रहे युवकों का इस्तेमाल करके देश की बेहतर सेवा हो सकती है। इस बीच, पूर्वी यूक्रेन में रूसी सेना ने तबाही ढाई हुई है। लुहांस्क ने गवर्नर सेरेही गदाई ने दावा किया कि रूसी लड़ाके क्षेत्र में लगातार हमला कर रहे हैं और वे क्षेत्र में बढ़त बनाना चाहते हैं। उधर, रूसी सेना ने यूक्रेन के प्रमुख रेलवे हब वाले शहर लीमन पर कब्जा कर लिया है जबकि सेवेरोदोनेस्क शहर पर उसने तीन तरफ से हमले शुरू कर दिए हैं। लीमन शहर पर कब्जे को रूसी सेना की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जेलेंस्की का रूसी सेना पर जीत का दावा
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने दो संबोधनों में देश के पूर्वी हिस्से में हुई सबसे भीषण लड़ाई में रूसी सेना पर आखिरकार जीत दर्ज करने की घोषणा की। उन्होंने वर्चुअल ढंग से स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, यूक्रेन एक ऐसा देश है, जिसने रूसी सेना की असाधारण शक्ति के मिथक को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा, अब रूस पूरे देश पर कब्जे की कोशिश कर रहा है, लेकिन हम मजबूत स्थिति में हैं। बाद में राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने कहा, लीमन अब भी यूक्रेन के नियंत्रण में है। यदि कब्जा करने वालों को लगता है कि लीमन या सेवेरोदोनेस्क उनके होंगे तो वे गलत हैं।
स्वीडन-फिनलैंड को नाटो में शामिल करने के लिए अमेरिका दूर करेगा तुर्की की आपत्तियां
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि स्वीडन-फिनलैंड के नाटो में शामिल होने को लेकर तुर्की की जो आपत्तियां हैं उन्हें जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। फिनलैंड के विदेश मंत्री पेक्का हाविस्तो अमेरिकी दौरे पर हैं और ब्लिंकेन ने उनके साथ यहां संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ऐसा कोई कारण नजर नहीं आता कि तुर्की की आपत्तियां दूर नहीं की जा सकतीं।
नॉर्वे क्षेत्र में घुस रहे रूसी जेट विमान नाटो ने खदेड़े
फिनलैंड-स्वीडन के नाटो में शामिल होने की घोषणा के बाद से ही नॉर्डिक देशों और रूस के बीच तनाव बढ़ रहा है। नाटो के लड़ाकू विमानों ने नॉर्वे और फिनलैंड सीमा के पास दो रूसी विमानों को खदेड़ दिया जो कथित तौर पर क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे। रूसी विमानों को नॉर्वे क्षेत्र में घुसने से रोक दिया गया। हालांकि नॉर्वे ने कहा कि रूसी जेट विमान उसकी सीमा तक नहीं पहुंच पाए थे उससे पहले ही उन्हें खदेड़ दिया गया।
यूक्रेन समर्थक देश लंबे युद्ध के लिए तैयार रहें : ब्रिटेन
ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा है कि यूक्रेन का समर्थन करने वाले देशों को लंबे समय तक चलने वाले युद्ध के लिए तैयार होना चाहिए। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से संघर्ष विराम या फिर तुष्टिकरण की कोई बात नहीं होनी चाहिए। ट्रस ने प्राग में अपने चेक गणराज्य के विदेश मंत्री से मिलने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा, हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि यूक्रेन यह युद्ध जीत जाए और रूस पीछे हट जाए।
रूस से सैनिकों को रिहा करने की अपील
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से 2,500 यूक्रेनी लड़ाकों को रिहा करने के लिए कहा है। ये सैनिकों को मारियुपोल में अजोवस्टल स्टील प्लांट के अंदर छिपे हुए थे और जिन्हें रूस ने बंदी बना लिया था।