यूक्रेन में सांसद की गोली मारकर हत्या
- फोटो : एक्स@EP_President / एडॉब स्टॉक
यूक्रेन के सांसद और संसद के पूर्व प्रमुख एंड्री पारुबी की ल्विव शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इसे 'सुनियोजित हमला' बताया है। हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है और फरार अपराधी की तलाश जारी है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हत्या को 'भयावह अपराध' बताया। इसके बाद शोक जताते हुए उन्होंने इसे पूर्व नियोजित हत्या बताया। जेलेंस्की ने कहा कि ये एक सोची समझी साजिश है। हत्याकांड की जांच कर दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार सभी संसाधन झोंकेगी।
यूरोपीय संसद अध्यक्ष ने जताया दुख
वहीं
पारुबी की हत्या के बाद
यूरोपीय संसद अध्यक्ष रोबर्टा मेटसोला और पूर्व राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको ने भी गहरा दुख जताया। पोरोशेंको ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह सिर्फ किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि सेना, भाषा और आस्था पर हमला है। एंड्री परुबी यूक्रेन के सच्चे सपूत थे। यह एक आतंकवादी हमला है और दोषियों को सज़ा मिलनी ही चाहिए। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है।
ये भी पढ़ें:- RIC vs US: ट्रंप की टैरिफ-हठधर्मिता के बीच तीन दिग्गज एक मंच पर, क्या नई वैश्विक व्यवस्था की इबारत लिख पाएंगे?
पारुबी ने घटनास्थल पर ही तोड़ा दम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पारुबी को कई बार गोली मारी गई। इससे पहले कोई मदद या फिर आपातकालीन सेवाएं पहुंच पातीं, उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हमलावर शॉर्ट बैरल वाले हथियार से लैस था और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूरी तरह से तैयार होकर हत्या के इरादे से आया था।
ये भी पढ़ें:- SCO Summit: मोदी-जिनपिंग-पुतिन देंगे पूरी दुनिया को संदेश; क्या काम आएगी कम खोकर ज्यादा साध लेने की रणनीति?
पारुबी के बारे में जानिए?
54 साल के पारुबी यूक्रेनी संसद के एक सक्रिय सदस्य थे और 2016 से 2019 तक संसद अध्यक्ष भी रहे। वे 2004 की ऑरेंज क्रांति और 2013-14 के माइडान आंदोलन में अहम भूमिका निभा चुके थे। खासकर माइडान आंदोलन में वे कीव के इंडिपेंडेंस स्क्वायर में विरोध प्रदर्शनों की अगुवाई करते दिखे थे, जिसके बाद तत्कालीन राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच को सत्ता छोड़नी पड़ी थी। उन्होंने 2014 में यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के सचिव के रूप में भी कार्य किया और 2019 में भाषा कानून पास करवाने में प्रमुख भूमिका निभाई, जिसके तहत सार्वजनिक जीवन में यूक्रेनी भाषा को अनिवार्य किया गया।