रूसी सेना ने यूक्रेन के रणनीतिक बंदरगाह शहर खेरसान पर कब्जा कर लिया है जबकि दूसरे बंदरगाह शहर मेरियूपोल पर अपना घेरा मजबूत कर लिया है। खेरसान शहर पर रूसी कब्जे की वहां के मेयर ने पुष्टि कर दी है। वहीं, यूरोप के मीडिया घराने नेक्स्टा ने यूक्रेन सरकार के हवाले से दावा किया है कि रूस के मेजर जनरल आंद्रेई सुखोवेत्स्की को गुरुवार को मार गिराया गया है। इसके अलावा 30 विमान भी मार गिराने का दावा किया है। रूस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
रूसी सेना का 65 किलोमीटर लंबा काफिला अब भी कीव से करीब 30 किलोमीटर दूर है। यूक्रेनी सेना के कड़े प्रतिरोध के कारण रूसी सैनिक बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़ पा रहे हैं। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को दावा किया कि उसने दुश्मन की कई टुकड़ियों को नष्ट कर दिया है। इसमें कई टैंक भी शामिल हैं।
रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट किया, दुश्मन सजा पाए बिना नहीं जाएगा। यूक्रेन ने अब तक रूस के 9000 से अधिक सैनिक मारने का दावा किया है। हालांकि रूस ने करीब 500 सैनिकों के मरने और 1600 के घायल होने की ही पुष्टि की है। यूक्रेन ने अपने मृत सैनिकों की संख्या नहीं बताई है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि 7 दिन की लड़ाई में यूक्रेन में 227 नागरिक मारे गए हैं जबकि 525 घायल हैं। हालांकि यूक्रेन ने अपने 2000 से अधिक नागरिकों के मारे जाने का दावा किया है।
इस बीच, कीव, खारकीव पर रूस की भारी गोलाबारी और मिसाइल हमले लगातार जारी हैं। खारकीव सिटी काउंसिल ने कहा है कि रूसी सेना नागरिक ठिकानों पर लगातार हमले कर रही है और शहर में पानी, बिजली, अनाज की सप्लाई काट दी है। कीव से 60 किलोमीटर दूर एक छोटे शहर बोरोडाएंका में स्थानीय सैनिकों और नागरिकों ने रूस के कब्जे की योजना विफल कर दी। शहर में सड़कों पर तबाह और आग से नष्ट रूसी बख्तरबंद गाड़ियां बिखरी नजर आ रही हैं। रूसी सेना का एक दस्ता समुद्र के रास्ते पश्चिमी बंदरगाह शहर ओडेसा की ओर बढ़ रहा है।
भारत के रक्षा मंत्रालय ने जारी की एडवायजरी
इस बीच रक्षा मंत्रालय ने युद्धग्रस्त यूक्रेन के खारकीव में फंसे भारतीयों के लिए एडवायजरी जारी की है। गुरुवार शाम को जारी एडवायजरी में कहा गया है कि शहर में हालात और बिगड़ सकते हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीयों या उनके समूह के पास एक सफेद झंडा या सफेद कपड़ा होना चाहिए। भोजन और पानी का संरक्षण करें और उन्हें एक-दूसरे से साझा करते रहें। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पूरा भोजन से बचें, ताकि सीमित राशन के जरिए भी काम चलाया जा सके।
दूसरे दौर की वार्ता
रूस-यूक्रेन के बीच वार्ता का दूसरा दौर बेलारूस में बृहस्पतिवार देर रात जारी था। यूक्रेन किसी भी अन्य मुद्दे पर चर्चा से पहले मानवीय आधार पर नागरिकों को निकालने के लिए सुरक्षित गलियारा बनाना चाहता है। यूक्रेनी वार्ताकार डेविड अराखामिया ने यह जानकारी दी। इससे पहले रूसी विदेशी मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा था कि रूस वार्ता से पीछे नहीं हटेगा लेकिन इसके लिए यूक्रेनी सैन्य ठिकानों पर हमला नहीं रोका जाएगा।
बड़े शहर अब भी हमारे कब्जे में : जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को कहा, कीव, खारकीव, चेर्नीहिव और मेरियूपोल समेत बड़े शहरों पर अब भी हमारा कब्जा है। आजादी के सिवा हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है। एक सप्ताह में हमने दुश्मन की योजना को बर्बाद कर दिया है। उन्हें यहां शांति नसीब नहीं होगी, खाना नहीं मिलेगा। उन्हें एक क्षण का चैन नहीं मिलेगा।
शरणार्थियों की संख्या 10 लाख पार
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी आयुक्त फिलिप्पो ग्रांडी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सिर्फ सात दिन में इस बेमतलब की लड़ाई के कारण यूक्रेन छोड़कर दूसरे देशों में शरण लेने वाले लोगों की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। ये यूक्रेन की कुल आबादी का 2 फीसदी है।
रूस के खिलाफ लड़ाई की तैयारी कर रहे कुछ नेता : लावरोव
मॉस्को। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा, परमाणु हथियारों का विचार पश्चिमी राजनेताओं के दिमाग में घूमता है, रूसियों के नहीं। मेरा मानना है कि कुछ पश्चिमी नेता रूस के खिलाफ युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। मॉस्को यूक्रेन में अपने अभियान को आखिरी रूप दिए बिना नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि रूस के खिलाफ पश्चिमी देश लगातार यूक्रेन को हथियार और प्रशिक्षण दे रहे हैं।
युद्ध अपराधों की जांच करेगा आईसीसी
इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने अपने 39 सदस्य देशों के आग्रह पर यूक्रेन में संभावित युद्ध अपराधों की जांच का फैसला लिया है।