रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने टेलीविजन पर राष्ट्र को एक वीडियो संबोधन के जरिए संबोधित किया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संबोधन में यूक्रेन को अमेरिका का उपनिवेश बताते हुए कहा कि यूक्रेन का शासन अमेरिका के हाथों की 'कठपुतली' है। इस दौरान पुतिन ने बड़ा एलान भी किया। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि पूर्वी यूक्रेन में दो अलगाववादी शहरों डोनेत्स्क (Donetsk) और लुहांस्क (Luhansk) को स्वतंत्र के रूप में मान्यता दी जाएगी। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति पुतिन ने मान्यता देने से जुड़े एक आदेश पर हस्ताक्षर भी कर दिए हैं, इसके साथ ही डोनेत्स्क और लुहांस्क शांति अभियान चलाने का आदेश दिया है।
स्पुतनिक के मुताबिक, बयान में कहा गया है कि पुतिन ने फोन पर बातचीत के दौरान, मैक्रों और स्कॉल्ज को रूसी सुरक्षा परिषद की विस्तारित बैठक के परिणामों के बारे में बताया। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि वह निकट भविष्य में इसी डिक्री पर हस्ताक्षर करने का इरादा रखते हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति और जर्मनी के संघीय चांसलर ने इस विकास पर निराशा व्यक्त की।
यूक्रेन में अलगाववादी क्षेत्रों को लेकर पुतिन ने बुलाई बैठक
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने पर विचार-विमर्श करने के लिए सोमवार को शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई। राष्ट्रपति की सुरक्षा परिषद की बैठक ऐसे समय पर बुलाई गई है, जब पश्चिमी देशों को इस बात का डर है कि रूस किसी भी समय यूक्रेन पर हमला कर सकता है और वह पूर्वी यूक्रेन में झड़पों को, हमले करने के लिए बहाने के तौर पर इस्तेमाल कर सकता है।
इससे पहले, यूक्रेन के अलगाववादी नेताओं ने टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान के जरिए रूस के राष्ट्रपति से अनुरोध किया था कि वे अलगाववादी क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता दें और मित्रता संधियों पर हस्ताक्षर करके उनके ‘खिलाफ जारी यूक्रेनी सेना के आक्रमणों से’ उनकी रक्षा करने के लिए सैन्य सहायता भेजें। रूस के निचले सदन ने भी पिछले सप्ताह इसी प्रकार की अपील की थी।
यूक्रेनी प्राधिकारियों ने कोई भी आक्रमण करने से इनकार किया है और रूस पर उकसाने का आरोप लगाया है। इस बीच, अमेरिका ने कहा है कि रूस अगर यूक्रेन पर हमला नहीं करे तो अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन अपने रूसी समकक्ष पुतिन के साथ ‘‘सैद्धांतिक रूप से’’ बैठक करने को तैयार हैं।