रूस ने दागी 381 ड्रोन और 35 मिसाइलें
यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस ने शुक्रवार को कुल 381 ड्रोन और 35 मिसाइलें दागीं। अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद सर्दियों से पहले यूक्रेन के बिजली नेटवर्क को नुकसान पहुंचाना और युद्ध के प्रति जनता का समर्थन कमजोर करना है। बता दें कि इससे ठीक एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन की प्राकृतिक गैस कंपनी नाफ्तोगाज की सुविधाओं पर सबसे बड़ा हमला किया था। नाफ्तोगाज के सीईओ सेर्ही कोरेटस्की ने कहा कि ये हमले सैन्य उद्देश्य के लिए नहीं थे।
ये भी पढ़ें:- Gaza Peace: ट्रंप की अपील दरकिनार कर गाजा पर इस्राइल का हमला; 6 मरे, हमास ने कहा- हम समझौते पर बातचीत को तैयार
यक्रेन के पीएम ने रूस पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं इन हमलों को लेकर यूक्रेन की प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेंको ने रूस पर नागरिकों को आतंकित करने का आरोप लगाया। रूस का कहना है कि ये हमले कीव के युद्ध प्रयासों को समर्थन देने वाली सुविधाओं को निशाना बना रहे हैं। शुक्रवार रात से शनिवार की सुबह तक, रूस ने 109 और ड्रोन और 3 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यूक्रेनी सेना ने बताया कि उनमें से 73 ड्रोन को मार गिराया गया या भटकाया गया।
हर साल यूक्रेन की बिजली नेटवर्क पर हमले करता रहा है रूस
गौरतलब है कि फरवरी 2022 में रूस के हमले के बाद से हर साल सर्दियों के करीब रूस यूक्रेन के बिजली नेटवर्क पर हमले करता है। यूक्रेन का कहना है कि इसका मकसद सर्दियों में लोगों को गर्माहट, बिजली और पानी से वंचित करना है। हाल ही में, रूस ने यूक्रेन के बिजली नेटवर्क के साथ-साथ उसके रेलवे नेटवर्क पर भी हमले तेज कर दिए हैं, जो सैन्य परिवहन के लिए महत्वपूर्ण है।