कीव। यूक्रेन की राजधानी कीव के पास ब्रोवैरी में यूक्रेनी सरकार का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में मौजूद सभी 9 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में यूक्रेन के गृह मंत्री डेनिस मोनास्टिरस्कि, उप गृह मंत्री येव्हेन येनिन व यूरी लुबकोविच शामिल हैं। हेलिकॉप्टर बच्चों के एक स्कूल के पास गिरा, जिससे 2 बच्चों समेत 7 अन्य की भी मौत हो गई। 30 लोग घायल हैं। इनमें 12 स्कूली बच्चे शामिल हैं।
जेलेंस्की बोले- यूक्रेन के लिए अपूरणीय क्षति
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा, यूक्रेन के लिए यह अपूरणीय क्षति है। डेनिस मोनास्टिरस्कि एक सच्चे देशभक्त थे। यूक्रेनी पुलिस के राष्ट्रीय प्रमुख इहोर क्लिमेंको ने कहा कि अभी जांच की जा रही है कि यह हादसा था या हमला। उन्होंने कहा कि इसके पीछे रूसी साजिश की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। वहीं, रूसी सेना ने हमले या साजिश की किसी भी संभावना से इन्कार करते हुए कहा कि यह यूक्रेन की खुद की गलतियों का नतीजा है। हादसे के कई वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में ब्रोवैरी के आवासीय इलाके में कई इमारतों और जमीन पर हेलिकॉप्टर के जलते हुए टुकड़े दिख रहे हैं। वहीं, एक अन्य वीडियो में पास की इमारत में हेलिकॉप्टर का मलबा, कुचली हुई कार और लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। एजेंसी
हादसे को याद कर दावोस में फफक पड़ीं जेलेंस्की की पत्नी
दावोस में विश्व आर्थिक मंच को संबोधित करने पहुंची यूक्रेन की प्रथम महिला ओलेना जेलेंस्का हादसे की वजह से भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, मेरी भावनाएं इस जगह के लिहाज से दुरुस्त नहीं, लेकिन उम्मीद है, आप युद्ध की विभीषिका को समझेंगे।
रूस के खिलाफ लड़ाई में सबसे अहम थे मोनास्टिरस्कि
मोनास्टिरस्कि के नेतृत्व में ही यूक्रेनी पुलिस, नेशनल गार्ड और बॉर्डर पेट्रोल के साथ ही 10 हजार लड़ाके रूस के खिलाफ लड़ रहे थे। वे यूक्रेन की राष्ट्रीय रक्षा व सुरक्षा परिषद के सदस्य भी थे। मोनास्टिरस्कि 2019 में सांसद बने थे।
रूस अपना लक्ष्य हासिल करके रहेगा
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को कहा कि पश्चिम के हाइब्रिड युद्ध से रूस अपना लक्ष्य हासिल करने से नहीं रुकेगा। रूस ने यूक्रेन में जो लक्ष्य तय किए हैं उन्हें हर हाल में हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की बातचीत से पहले रूस में विलय किए जा चुकी जगहों से रूस के पीछे हटने की बात कर रहे हंै, जो किसी भी सूरत में संभव नहीं है।
2021 में ही यूक्रेन के गृहमंत्री बने थे मोनास्त्रिस्की
बता दें कि मोनास्त्रिस्की साल 2021 में ही यूक्रेन के गृहमंत्री बने थे। हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के समय प्ले स्कूल में बच्चे और स्कूल का स्टाफ मौजूद था।