ईरान संघर्ष को लेकर अमेरिका और ब्रिटेन के बीच कूटनीतिक दरार गहरी हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ब्रिटेन को व्यापार समझौते की समीक्षा की धमकी दिए जाने के बाद प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को दो टूक जवाब दिया है।
विज्ञापन
स्टार्मर का साफ संदेश
ब्रिटिश संसद में बयान देते हुए स्टार्मर ने कहा कि ईरान का यह युद्ध ब्रिटेन का नहीं है और उनका देश इसमें किसी भी तरह शामिल नहीं होगा। हाउस ऑफ कॉमन्स में पीएम स्टार्मर ने कहा ईरान युद्ध हमारा युद्ध नहीं है। मुझ पर दबाव बनाया गया, जिसमें बीती रात ट्रंप का एक चैनल को दिया गया साक्षात्कार भी शामिल था, लेकिन मैं अपने फैसले से पीछे नहीं हटूंगा। उन्होंने कहा कि युद्ध में शामिल होना ब्रिटेन के राष्ट्रीय हित में नहीं है। इससे पहले ट्रंप ने एक चैनल से बातचीत में ब्रिटेन के रुख को दुखद बताते हुए पिछले साल हुए व्यापार समझौते में बदलाव के संकेत दिए थे।
किंग चार्ल्स की अमेरिका यात्रा पर असर नहीं
ब्रिटेन सरकार ने साफ किया है कि यह राजनीतिक तनाव किंग चार्ल्स तृतीय की आगामी अमेरिका यात्रा को प्रभावित नहीं करेगा। तनाव के बावजूद किंग चार्ल्स-3 और क्वीन कैमिला की 27 अप्रैल से शुरू होने वाली चार दिवसीय अमेरिकी राजकीय यात्रा निर्धारित समय पर होगी। व्हाइट हाउस में उनका औपचारिक स्वागत और अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात भी प्रस्तावित है।
स्टार्मर ने संसद में कहा कि देशों के बीच के संबंध किसी पद पर बैठे व्यक्ति से कहीं बड़े हैं। बकिंघम पैलेस के अनुसार किंग चार्ल्स अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करेंगे और व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यात्रा का समापन न्यूयॉर्क और वर्जीनिया के दौरों के साथ होगा, जिसके बाद राजा बरमूडा के लिए रवाना होंगे।