ब्रिटेन के वित्त मंत्री ऋषि सुनक
- फोटो : facebook/rishisunak
ब्रिटेन के चांसलर और वित्त मंत्री ऋषि सुनक को स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों ने एक प्रश्नावली जारी की है। यह कदम यूनाइटेड किंगडम (यूके) के सरकारी कार्यालयों में कोविड-19 लॉकडाउन के उल्लंघन की जांच में उठाया गया है, जिसे पार्टीगेड स्कैंडल कहा जा रहा है।
यूके के राजकोष विभाग ने पुष्टि की है कि भारतीय मूल के ऋषि सुनक उन 50 अधिकारियों में शामिल हैं जिन्हें इस तरह की प्रश्नावली जारी की गई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस की 'ऑपरेशन हिलमैन' नाम से हो रही जांच में इन लोगों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिन लोगों को यह प्रश्नावली जारी की गई है उनमें प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का नाम भी शामिल है। इस सप्ताह की शुरुआत में सामने आए एक लीक दस्तावेज से पता चलता है कि इस तरह की पुलिस प्रश्नावली सावधानी के तहत पुलिस पूछताछ का एक रूप है।
यह प्रश्नावली पाने वाले लोगों को इसकी औपचारिक कानूनी स्थिति के बारे में जानकारी दी गई है। इन लोगों को सात दिन के अंदर पूरी सत्यता के साथ इसे जमा करना होगा। डॉउनिंग स्ट्रीट ने बताया है कि प्रधानमंत्री जॉनसन अपनी प्रश्नावली वापस भेज चुके हैं।
सुनक पूर्व में स्वीकार कर चुके हैं कि उन्होंने जून 2020 में प्रधानमंत्री जॉनसन के लिए आयोजित एक बर्थडे पार्टी में हिस्सा लिया था। यह पार्टी 10 डाउनिंग स्ट्रीय के कैबिनेट कक्ष में हुई थी। प्रधानमंत्री जॉनसन को इस मामले को लेकर खासी आलोचना का सामना करना पड़ा है।