ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद
- फोटो : ट्विटर
ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिव वाजिद की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि मुझमें बीमारी के लक्षण हल्के हैं और अच्छा है कि मैंने इस बीमारी के खिलाफ टीके की दोनों खुराकें ले चुका हूं। बता दें कि हाल ही में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जाविद ने प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की उस योजना का समर्थन किया है जिसमें सोमवार को फिलहाल लागू सभी वैध प्रतिबंधों को हटाने की बात की गई है।
जाविद ने पहले रैपिड लैटरल फ्लो जांच करवाई और उसमें पॉजिटिव आने के बाद पीसीआर जांच कराई। पीसीआर रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने आइसोलेट होकर घर से काम करना शुरू कर दिया है। जाविद टीके की दोनों खुराकें ले चुके हैं। हालांकि, वैक्सीनों को संक्रमण से बचाव में 100 फीसदी प्रभावकारी नहीं बताया गया है। लेकिन, टीके की दोनों खुराकें ले चुके लोगों में वायरस से संक्रमित होने पर गंभीर रूप से बीमार पड़ने की आशंका काफी कम हो जाती है।
पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड की ओर से प्रकाशित रियल-वर्ल्ड एनालिसिस के अनुसार एस्ट्राजेनेका टीके की दो खुराकों को कोरोना के डेल्टा वेरिएंट से होने वाली लक्षण वाली बीमारी के खिलाफ 60 फीसदी प्रभावी और अस्पताल में भर्ती होने के खिलाफ 92 फीसदी प्रभावी पाया गया है। ब्रिटेन इस समय कोरोना संक्रमण की नई लहर का सामना कर रहा है लेकिन जॉनसन और जाविद का दावा है कि वैक्सीन प्रोग्राम ने कोविड के मामलों और मृत्यु के बीच कड़ी को तोड़ दिया है।