ब्रिटेन में एक शातिर चोर एप्पल एयर टैग की मदद से पकड़ा गया है। दरअसल चोर बहुत शातिर था और अब तक करोड़ों रुपये का सामान चोरी कर चुका था। हालांकि आधुनिक तकनीक से वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दरअसल चोर ने जिस बैग को चुराया, उसमें एप्पल का एयर टैग रखा हुआ था। पुलिस ने इसे सर्विलांस पर लेकर चोर को दबोच लिया।
विज्ञापन
क्या है मामला
ब्रिटेन के बर्कशायर में वोकिंघम से पुलिस ने एक शातिर चोर मारी दिनजाकू को पकड़ा। दरअसल बीते दिनों उसने अपने घर से करीब 15 मील दूर कपड़े और ज्वैलरी से भरा एक सूटकेस चुराया था। सरे पुलिस के अनुसार, चुराए गए सूटकेस में एप्पल कंपनी का एक एयर टैग रखा हुआ था। जिसकी मदद से पुलिस दिनजाकू के घर पहुंच गई और सूटकेस बरामद कर लिया। गौरतलब है कि पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी का अन्य सामान भी बरामद किया और चोरी के कई मामलों का खुलासा कर दिया।
बता दें कि एयर टैग छोटा सा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस होता है, जिसे ट्रैक किया जा सकता है। यही वजह है कि सूटकेस में एयर टैग रखा, जिसकी मदद से पुलिस आरोप तक पहुंच गई। आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को वॉकी टॉकी, फर्जी दस्तावेज, बड़ी मात्रा में नकदी, विभिन्न करेंसी नोट, 15 मोबाइल फोन भी बरामद किए। साथ ही आरोपी के घर से चोरी के दो वाहन भी बरामद किए गए। इनमें से एक वाहन दिसंबर 2022 में फर्नहैम से चुराया गया था। इसके साथ ही ज्वैलरी समेत दो अलमारी भी चोरी की गईं थी। इस तरह बरामद हुए कुल चोरी के सामान की कीमत करीब 10 लाख डॉलर या करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है।