संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान शुक्रवार को पाकिस्तान की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर इस्लामाबाद पहुंचे। यह दौरा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निमंत्रण पर हो रहा है। इस यात्रा को दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भाईचारे और सहयोगी रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
यूएई राष्ट्रपति का विमान जैसे ही पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, पाकिस्तान वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उसे हवाई सलामी दी। नूर खान एयरबेस पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वयं उनकी अगवानी की। शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान इससे पहले जनवरी में निजी यात्रा पर पाकिस्तान आए थे, लेकिन यूएई राष्ट्रपति के रूप में यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है।
उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे राष्ट्रपति
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, यूएई राष्ट्रपति के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। इस दौरान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और यूएई राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें दोनों देश व्यापार, निवेश, ऊर्जा, विकास और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
ये भी पढ़ें- जंक फूड से गई जान: 'मैं ठीक होकर फास्ट फूड नहीं खाऊंगी... बच्चों को भी करूंगी जागरूक', अहाना के आखिरी अल्फाज
द्विपक्षीय रिश्तों की पूरी समीक्षा
बैठक में पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच पूरे द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचार-विमर्श होगा। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच पुराने और मजबूत रिश्तों को और आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
व्यापार, निवेश और ऊर्जा पर खास जोर
पाकिस्तान और यूएई के बीच कूटनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। यूएई पाकिस्तान का बड़ा व्यापारिक साझेदार है और बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक वहां काम करते हैं, जिनसे पाकिस्तान को बड़ी मात्रा में रेमिटेंस मिलती है। दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्रों में भी सहयोग है और यूएई समय-समय पर पाकिस्तान को वित्तीय और मानवीय सहायता देता रहा है।
इस साल अप्रैल में पाकिस्तान और यूएई के बीच कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनका उद्देश्य दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करना था। मौजूदा यात्रा को इन्हीं समझौतों को आगे बढ़ाने और नए सहयोग के रास्ते खोलने के रूप में देखा जा रहा है।
अन्य वीडियो-