पाकिस्तान में सियासी उथल-पुथल जारी है। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं ने सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से मुलाकात की। साथ ही, पार्टी के प्रतिनिधियों ने सरकार के सामने अपने राजनीतिक मुद्दे पेश किए ताकि मौजूदा सियासी तनाव को हल किया जा सके।
इमरान खान ने की पुष्टि की
बता दें, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक 72 वर्षीय खान ने रावलपिंडी की अदियाला जेल से पत्रकारों को बताया कि उनकी पार्टी के नेताओं ने सेना प्रमुख से मुलाकात की। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के नेता इससे अलग भी बातचीत के जरिए अपनी मांगों को पूरा करवाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से बातचीत की कोशिश कर रही थी।
अलग-अलग की मुलाकात
पीटीआई अध्यक्ष गौहर अली खान ने बताया कि इमरान खान ने सेना प्रमुख के साथ हुई मेरी बैठक को लेकर जो भी कहा वो एकदम सही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर इस सप्ताह पेशावर में जनरल मुनीर से मिले थे।
उन्होंने बैठक के पीछे का लक्ष्य बताते हुए कहा, 'हमारा मकसद पार्टी की सभी मांगों को सीधा मुनीर के सामने रखना था। हमने उनसे मुलाकात करके उन्हें अपनी सभी मांगों से अवगत कराया। उन्होंने इसे एक सकारात्मक कदम बताया।'
सरकार के सामने भी रखीं मांगें
वहीं, पीटीआई ने सरकार के सामने अपनी राजनीतिक मांगों का एक दस्तावेज पेश किया। यह तीसरी बार था जब पीटीआई और सरकार के बीच वार्ता हो रही थी। यह वार्ता 23 दिसंबर से शुरू हुई थी और अब तक तीन दौर हो चुके हैं। इस बैठक में दोनों पक्षों ने सियासी तनाव कम करने के लिए चर्चा की।
अंसेबली के स्पीकर ने की पीटीआई नेताओं से बातचीत
नेशनल असेंबली के स्पीकर अयाज सादिक ने पीटीआई के छह नेताओं और सरकार के आठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता उमर अयूब, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर, पीटीआई नेता असद कैसर, सुन्नी इत्तेहाद काउंसिल के प्रमुख हामिद रजा, मजलिस वहदत-ए-मुस्लिमीन के प्रमुख सीनेटर राजा नासिर अब्बास जाफरी और पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने विपक्ष से भाग लिया।
सरकार का प्रतिनिधित्व करने वालों में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार, पीएमएल-एन सीनेटर इरफान सिद्दीकी, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता राजा परवेज अशरफ और नवीद कमर, प्रधानमंत्री के राजनीतिक सहयोगी राणा सनाउल्लाह और अन्य सरकारी सहयोगी दलों के नेता शामिल थे।
यह मांगे रखीं
खान की पार्टी ने दो प्रमुख मांगें उठाई, जिनमें नौ मई 2023 और 26 नवंबर 2024 के विरोधों की जांच के लिए दो न्यायिक आयोगों की स्थापना और राजनीतिक कैदियों को जमानत, सजा में छूट, और बरी करने का समर्थन शामिल है। पीटीआई ने सरकार से सात दिनों के भीतर इन आयोगों की स्थापना की मांग की है।
यह बातचीत और मुलाकातें पाकिस्तान के सियासी माहौल को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
मैं नवाज शरीफ नहीं, जो मिलकर समझौता करूंगा: इमरान खान
पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि वह नवाज शरीफ नहीं हैं, जो सेना के साथ मिलकर जेल से बाहर आने के लिए कोई समझौता करेंगे। नवाज शरीफ ने पहले भी सेना से समझौते करके पाकिस्तान छोड़ दिया था, एक बार 2000 में जनरल परवेज मुशर्रफ के साथ और फिर 2019 में जनरल कमर जावेद बाजवा के साथ।
इमरान खान ने बुधवार को एक्स पर कहा, 'मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि चाहे जो भी तरीका अपनाया जाए, मैं कोई समझौता नहीं करूंगा। मैं नवाज शरीफ नहीं हूं, जो भ्रष्टाचार के जरिए अपने अरबों रुपये माफ करना चाहता हो। मैं पाकिस्तान में जन्मा हूं और यहीं मरूंगा। मैं हमेशा अपने देश के लिए खड़ा रहूंगा।'
उनके यह बयान पीटीआई पार्टी और सरकार के बीच हो रही वार्ता के बीच आया है, जिसमें यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर बातचीत सफल होती है तो इमरान खान जेल से बाहर आ सकते हैं।
कार्यकर्ताओं के साथ अमानवीय व्यवहार की आलोचना
खान ने जेल में उनके और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ अमानवीय व्यवहार की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पीटीआई के कार्यकर्ताओं को मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी जा रही हैं। कई कार्यकर्ताओं को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से इस मुद्दे पर कार्रवाई करने की अपील की। इसके साथ ही, पूर्व पीएम ने पाकिस्तान की खराब आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था बदतर हालत में है, विदेशी निवेश घट रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन देशों में कानून का शासन नहीं होता, वहां कभी भी आर्थिक स्थिरता नहीं आ सकती।