फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हंतावायरस संकट के बीच राहत की खबर: MV होंडियस पर भारतीय क्रू सुरक्षित, दूतावास बोला-दोनों स्वस्थ और बिना लक्षण

Mon, 11 May 2026 04:43 AM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

हंतावायरस संक्रमण की खबरों के बीच स्पेन में भारतीय दूतावास ने राहत भरी जानकारी दी है। दूतावास ने रविवार को कहा कि डच जहाज एमवी होंडियस पर मौजूद दोनों भारतीय नागरिक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं।
विज्ञापन
एमवी होंडियस पर फैला हंतावायरस - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्पेन के कैनरी द्वीप पहुंचे लग्जरी क्रूज जहाज एमवी होंडियस पर फैले हंतावायरस संक्रमण के बीच जहाज पर मौजूद दो भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से नीदरलैंड भेज दिया गया है। स्पेन में भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि दोनों भारतीय स्वस्थ हैं और उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। यह जहाज ओशियनवाइड एक्सपीडिशंस द्वारा संचालित किया जा रहा था। क्रूज ने 1 अप्रैल को अर्जेंटीना के उशुआइया शहर से अपनी यात्रा शुरू की थी और हंतावायरस संक्रमण की खबर सामने आने के बाद रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीप पहुंचा। जहाज पर करीब 150 लोग सवार थे, जिनमें दो भारतीय क्रू सदस्य भी शामिल थे।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- Viral Infection Alert: हंटावायरस और नोरोवायरस से दुनियाभर में खौफ, आसान भाषा में समझिए दोनों में अंतर

क्वारंटीन में रखे जाएंगे दोनों भारतीय
भारतीय दूतावास के अनुसार, विश्व स्वास्थ्य संगठन और स्पेन सरकार द्वारा तय स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों को जहाज से उतारा गया। दोनों भारतीय नागरिकों को एहतियात के तौर पर नीदरलैंड भेजा गया है, जहां उन्हें क्वारंटीन में रखा जाएगा। स्पेन में भारत के राजदूत जयंत एन खोबरागड़े लगातार स्पेनिश अधिकारियों और दोनों भारतीयों के संपर्क में हैं, ताकि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य की निगरानी की जा सके।
विज्ञापन

 
WHO की टीम संक्रमण के आकलन में जुटी
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बताया कि डब्ल्यूएचओ की टीम स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ मिलकर यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और संक्रमण के आकलन में जुटी हुई है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए विशेष चार्टर उड़ानों की व्यवस्था भी की गई। पूरे अभियान के दौरान जहाज और यात्रियों के सामान को सैनिटाइज किया गया तथा स्वास्थ्यकर्मियों ने विशेष सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल सभी यात्री बिना लक्षण वाले हैं।

WHO ने हंतावायरस से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए
इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर हंतावायरस से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए। डब्ल्यूएचओ ने सदस्य देशों से कहा कि एमवी होंडियस जहाज से जुड़े यात्रियों और उनके संपर्क में आए लोगों की निगरानी जोखिम के आधार पर की जाए। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, एंडीज वायरस (ANDV) के कुछ मामलों में इंसान से इंसान में संक्रमण फैलने की सीमित संभावना देखी गई है, लेकिन यह आमतौर पर बहुत करीबी और लंबे संपर्क के दौरान ही होता है। डब्ल्यूएचओ के आंकड़ों के मुताबिक, 8 मई तक हंतावायरस के कुल आठ मामले सामने आए थे, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। छह मामलों में लैब जांच के जरिए संक्रमण की पुष्टि हुई और सभी मामलों में एंडीज वायरस पाया गया।



घबराने की जरूरत नहीं- आईसीएमआर
भारत में भी इस खबर के बाद चिंता बढ़ी, लेकिन विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई है। आईसीएमआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे के निदेशक डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि यह फिलहाल अलग-थलग आयातित मामले लगते हैं और भारत में सामुदायिक संक्रमण का कोई संकेत नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि हंतावायरस मुख्य रूप से संक्रमित चूहों और उनके मल-मूत्र के संपर्क से फैलता है। इंसानों के बीच इसका संक्रमण बहुत दुर्लभ माना जाता है। इसलिए भारत में फिलहाल किसी बड़े खतरे या महामारी जैसी स्थिति की आशंका नहीं है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- Hantavirus: हंतावायरस से प्रभावित क्रूज स्पेन के टेनेरिफ पहुंचा, यात्रियों को सुरक्षित निकाला जाएगा

क्या है हंतावायरस?
हंतावायरस एक ऐसा वायरस है जो आमतौर पर संक्रमित चूहों या उनके मल-मूत्र और लार के संपर्क में आने से फैलता है। बंद या कम हवादार जगहों, जैसे जहाज, गोदाम या स्टोर रूम में वायरस के कण हवा के जरिए शरीर में जा सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, संक्रमण के लक्षण एक से आठ सप्ताह के बीच सामने आ सकते हैं। इस प्रकोप में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एक समाचार एजेंसी के अनुसार, जहाज से उतरे पांच यात्रियों में हंतावायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।

अन्य वीडियो


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें