अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : PTI
सोशल नेटवर्किंग साइटों के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टकराव बढ़ता ही जा रहा है। ट्विटर ने अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के अश्वेत अमेरिकी नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड को श्रद्धांजलि देने वाले वीडियो को हटा दिया है। ट्विटर ने यह कदम कॉपीराइट की शिकायत मिलने का हवाला देने के बाद उठाया है।
ट्विटर पर यह वीडियो ट्रंप के चुनाव अभियान की टीम ने पोस्ट किया था। इस वीडियो को फोटोग्राफ्स और विरोध प्रदर्शन के क्लिप को मिलाकर बनाया गया था। इसके बैकग्राउंड में राष्ट्रपति ट्रंप का संदेश भी शामिल था। डोनाल्ड ट्रंप के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए तीन मिनट 45 सेकंड के इस वीडियो को उनके अभियान की ओर से तीन जून को ट्वीट किया गया था। ट्विटर के प्रतिनिधि ने इस मामले में कहा कि हमने यह कदम वीडियो के अधिकृत कॉपीराइट प्रतिनिधियों की ओर से की गई शिकायतों के जवाब में उठाया है।