फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रंप का व्यक्तिगत ट्विटर अकाउंट स्थायी रूप से बंद, आधिकारिक हैंडल के ट्वीट भी हटाए गए, टीम का अकाउंट भी बैन

Sat, 09 Jan 2021 02:18 PM IST
Amit Mandal वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
विज्ञापन
ट्रंप का व्यक्तिगत ट्विटर अकाउंट - फोटो : Twitter
विज्ञापन

कैपिटल इमारत हिंसा के बाद सोशल मीडिया साइट ट्विटर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अकाउंट को स्थायी रूप से बंद कर दिया है। ट्विटर ने कहा कि भविष्य में और हिंसा की आशंका जताते हुए उसने ये कदम उठाया है। 

विज्ञापन


ट्विटर ने कहा कि ट्रंप के अकाउंट से किए गए ट्वीट के करीबी अवलोकन के बाद हमने पाया कि उन्हें किस तरह से लिया जा रहा था। आगे के खतरे को देखते हुए हमने उनका अकाउंट स्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है। निजी अकाउंट बंद होने के कुछ देर बाद ही ट्रंप ने राष्ट्रपति के आधिकारिक अकाउंट @POTUS से ट्वीट किया, लेकिन इसे कुछ ही मिनटों में हटा दिया गया। इसके अलावा ट्विटर ने टीम ट्रंप (@TeamTrump) नाम के एक अकाउंट को भी बंद कर दिया है।
 
अमेरिकी संसद पर ट्रंप समर्थकों की हिंसा के बाद ताजा घटनाक्रम में एक तरफ तो डेमोक्रेट सांसद राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग लाने की योजना बना रहे हैं और दूसरी तरफ ट्विटर ने डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट स्थायी रूप से बंद कर दिया है। निजी खाता निलंबित होने के बाद ट्रंप ने राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर जमकर हमला बोला, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया।
विज्ञापन


ट्विटर ने घोषणा की कि उसने ‘हिंसा और उकसावे के खतरे’ चलते निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट स्थायी रूप से बंद कर दिया है। जवाब में राष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक ट्विटर से कहा कि यह अभिव्यक्ति की आजादी को खत्म करने की कोशिश है। उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही अपना नया प्लेटफार्म तैयार करने के बारे में सोच रहे हैं। हालांकि ट्विटर ने कुछ ही मिनटों में ये ट्वीट डिलीट कर दिए। ट्विटर ने राष्ट्रपति का निजी खाता स्थायी रूप से बंद करने का फैसला ट्रंप के यह कहने के बाद किया कि वे बाइडन के शपथ समारोह में नहीं जाएंगे। दूसरी तरफ, डेमोक्रेट सांसद ट्रंप के खिलाफ महाभियोग की योजना बना रहे हैं। उन्हें कुछ रिपब्लिकन सांसदों का साथ मिल रहा है। अलास्का की रिपब्लिकन सीनेटर लिजा मुर्कोव्स्की ने कहा, महाभियोग की कार्रवाई में जो भी हो लेकिन ट्रंप को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

फेसबुक-इंस्टाग्राम भी कर सकते हैं कार्रवाई
ट्विटर ने डोनाल्ड ट्रंप के अलावा उनके पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ्लिन और ट्रंप समर्थक अटॉर्नी सिडनी पॉवेल के अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इस बीच, अपुष्ट खबरों के मुताबिक यह अनुमान भी लगाया जा रहा है कि ट्रंप के फेसबुक-इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी स्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया जा सकता है। 

हिंसा के बीच सीनेटरों को फोन करते रहे ट्रंप
कैपिटल हिल पर बुधवार को एक तरफ ट्रंप समर्थक हमला बोलकर हिंसा पर उतारू थे और दूसरी तरफ ट्रंप और उनके वकील रूडी गिलियानी इस कोशिश में लगे थे कि इलेक्टोरल कॉलेज के वोटों की गिनती में देरी हो जाए। इसके लिए उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटरों को फोन किए। सीएनएन ने बताया कि दोनों ने सीनेटर माइक ली, टॉमी ट्यूबरविले से बात की और यह समझाने की कोशिश की कि गिनती में देरी करें।

पेलोसी की आशंका पर अमेरिका में बढ़ी चिंताएं
प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की इस आशंका को लेकर अमेरिका में चिंताएं बढ़ गई हैं कि निवर्तमान राष्ट्रपति ट्रंप अपने कार्यकाल के अंतिम दिनों में एटमी हथियारों के इस्तेमाल का आदेश दे सकते हैं। पेलोसी ने इस बाबत ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल मार्क मिली से मुलाकात भी की जिन्होंने सुरक्षा को लेकर उन्हें आश्वासन दिया। एटमी हथियार इस्तेमाल की आशंका को लेकर सभी चिंतित हैं। 

अमेरिकी इतिहास के सबसे अयोग्य राष्ट्रपति हैं ट्रंप : बाइडन
अमेरिकी नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के इतिहास में सबसे अयोग्य राष्ट्रपति हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अच्छा है जो ट्रंप उनके शपथ कार्यक्रम में शामिल होने नहीं आ रहे हैं। बाइडन ने डेलावेयर में पत्रकारों से कहा, मैं एक वर्ष से भी ज्यादा वक्त से कहता आ रहा हूं कि ट्रंप इस पद पर रहने के काबिल नहीं हैं। लिहाजा उन्हें हटाने के विचार का मेरे हिसाब से कोई अर्थ नहीं है। उन्हें हटाने का एकमात्र त्वरित तरीका 20 जनवरी को मेरा शपथ ग्रहण है। उससे पहले या बाद में क्या कार्रवाई की जाए, इसपर कांग्रेस को फैसला लेना है। मैं बस उनके पद छोड़ने को लेकर उत्सुक हूं।

पद संभालने के तत्काल बाद आव्रजन संबंधी कानून पेश करूंगा
बाइडन ने कहा कि वह पद संभालने के तत्काल बाद ट्रंप प्रशासन की नीतियों को पटलते हुए एक आव्रजन कानून लेकर आएंगे। इन्हें विचार-विमर्श के लिये उचित समितियों को भेजा गया है। बाइडन ने कहा कि वह पर्यावरण के मुद्दों पर ट्रंप प्रशासन के आदेशों की भी समीक्षा करेंगे।

पेलोसी की कुर्सी पर बैठने वाला गिरफ्तार
एफबीआई ने अरकंसास के उस शख्स को गिरफ्तार किया है, जो अमेरिकी संसद पर ट्रंप समर्थकों के हमले के बाद आई तस्वीरों में प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के कार्यालय में कुर्सी पर बैठा हुआ दिखाई दिया था। शीर्ष निकाय के उप संघीय अभियोजक केन कोल ने बताया कि रिचर्ड बारनेट को लिट्ल रॉक में गिरफ्तार कर लिया गया। वहांउसने अध्यक्ष के कुछ संदेशों को हटा दिया था। उस पर तीन आरोप लगे हैं।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें