तुर्की ने पाकिस्तान के 110 नागरिकों को वापस उनके देश (पाकिस्तान) भेज दिया है। ये सभी अवैध रूप से सड़क या समुद्र के रास्ते तुर्की में दाखिल हुए थे। जिन पाकिस्तानियों को वापस स्वदेश भेजा गया है, उनमें से दो की पसलियों और पैरों में फ्रैक्चर हैं।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को अवैध तौर पर तुर्की जा रही एक नाव भूमध्य सागर में डूब गई थी। इस नाव में 25 पाकिस्तानी नागरिक सवार थे, जिनमें से दो की डूबने से मौत हो गई थी। बता दें कि तुर्की और मलेशिया ने यूएन में कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन किया था।
जेल में दी गई पाकिस्तानी नागरिकों को यातनाएं
रविवार को तुर्की सरकार ने विशेष विमान से इन सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश की राजधानी इस्लामाबाद भेजा। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इनमें से अधिकांश लोगों को लंबे समय तक तुर्की की जेल में यातनाएं दी गई थी, जिसके चलते दो की हालात नाजुक हो गई। पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी के मुताबिक, तुर्की ने यह जानकारी नहीं दी कि वर्तमान में तुर्की की जेल में कितने पाकिस्तानी नागरिक बंद हैं। हालांकि, एजेंसी ने यह माना कि यह संख्या काफी ज्यादा हो सकती है।
तुर्की में पाकिस्तानियों की गिरफ्तारी आम बात
जांच एजेंसी के मुताबिक, समुद्र और सड़क के रास्ते हर वर्ष काम की तलाश में हजारों पाकिस्तानी नागिरक तुर्की की सीमा में घुसने की कोशिश करते हैं। मुश्किल रास्तों के कारण कई लोगों की रास्ते में ही मौत हो जाती है। कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार अब तक तुर्की से अपने ही नागरिकों के बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं कर सकी है।