अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही वीजा प्रतिबंधों की घोषणा कर सकते हैं। इससे भारतीय पेशेवरों की मुश्किलें बढ़ना तय है। ट्रंप ने शनिवार को फॉक्स न्यूज चैनल से साक्षात्कार में कहा, हम अमेरिका में नौकरी के लिए आने वाले विदेशियों को रोकने और कोरोना महामारी के नौकरी से लिए जूझ रहे अमेरिकियों को बचाने के लिए अगले एक या दो दिन में वीजा को लेकर नए प्रतिबंधों की घोषणा करेंगे। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि इन प्रतिबंधों में कुछ छूट भी दी जाएंगी तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
इस बीच, व्हाइट हाउस ने भी ट्वीट कर एच1बी, एच2बी, एल1 और जे1 वीजा पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है। ट्रंप ने कहा, बड़े व्यवसायों में काम करने विदेश से आने वाले पेशेवरों की जरूरत है और यह लोग लंबे समय से बड़ी संख्या में आते रहे हैं। इन पर ज्यादा रोक नहीं लगाई गई थी, लेकिन अब हम कुछ नए प्रतिबंध लगाकर इन्हें आने से काफी हद तक रोक सकते हैं।
वहीं, प्रमुख अमेरिकी कंपनियों विशेषकर आईटी कंपनियों ने ट्रंप से अनुरोध किया है कि विदेशी पेशेवरों पर रोक लगाने के फैसले पर विचार करें क्योंकि इससे अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हो सकता है। इससे पहले, ट्रंप ने अप्रैल में कुछ विदेशियों के अमेरिका में रहने पर अस्थायी तौर पर रोक लगाने का आदेश दिया था। उन्होंने मार्च में स्वास्थ्य संबंधी नियमों में भी बदलाव किया था, ताकि सीमा पर हिरासत में लिए गए प्रवासियों को अमेरिका में शरण न मिल सके।