व्हाइट हाउस के वकील ने बहुत ही तीखे शब्दों में एक पत्र लिखकर डेमोक्रेटों से ट्रंप के विरुद्ध महाभियोग कार्यवाई खत्म करने के लिए आग्रह किया। व्हाइट हाउस ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह से निराधार बताते हुए संकेत दिए कि उसका इरादा राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ महाभियोग कार्यवाही में भाग नहीं लेगा।
व्हाइट हाउस के वकील पेट ए. सिपोलोन ने सदन की न्यायिक समिति के चेयरमैन प्रतिनिधि जैरॉल्ड नाडलर से कहा कि प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेटों ने सदन में अमेरिका का काफी समय बर्बाद किया है।
इसलिए यह जांच अब खत्म करनी चाहिए और अतिरिक्त सुनवाई के साथ ज्यादा समय नहीं गंवाना चाहिए। दो पैराग्राफ के इस पत्र में स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया है कि ट्रंप की कानूनी टीम ने क्या करने की योजना बनाई है, बल्कि यह कहते हुए इसे खत्म कर दिया गया है कि सदन को रिपब्लिक नियंत्रण वाली सीनेट (उच्च सदन) में इसे परीक्षण के लिए भेजकर मतदान कराना चाहिए।
व्हाइट हाउस के करीबी लोगों का मानना है कि ऐसा करके ट्रंप चाहते हैं कि सीनेट में उनकी पार्टी का बहुमत होने के कारण वे इसे मतदान में गिरा दें और पूरे मामले से बच निकलें। व्हाइट हाउस ने महाभियोग को इतिहास में सबसे असांविधानिक प्रयास बताया।
जवाब में विफल रहे राष्ट्रपति
व्हाइट हाउस की इस प्रक्रिया पर निराशा जताते हुए न्यायिक समिति के चेयरमैन जैरॉल्ड नाडलर ने कहा कि अमेरिकी जनता ट्रंप के जवाब चाहती है।
उन्होंने कहा, सदन ने ट्रंप को आमंत्रित किया और फिर उनके शीर्ष सलाहकारों को भी आमंत्रित किया, लेकिन ट्रंप ने इस कार्यवाही में सबूतों में रुकावट डालना जारी रखा है। नाडलर ने कहा, हम निराश हैं कि राष्ट्रपति एक बार फिर हमारे सवालों का जवाब देने में विफल रहे हैं।