डोनाल्ड ट्रंप-किम जोंग उन (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके उत्तर कोरिया में कदम रखने पर कई कोरियाई लोगों की आंखे भर आई थीं। दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया को बांटने वाले असैन्यकृत क्षेत्र में किम जोंग उन से ऐतिहासिक मुलाकात से पहले ट्रंप ने दोनों देशों के बीच की कंक्रीट सीमा पार कर उत्तर कोरिया में कदम रखा था।
ट्रंप उत्तर कोरिया की धरती पर कदम रखने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं। ट्रंप ने किम के साथ मुलाकात के बाद 'ओसान एयर बेस' पर अमेरिकी सैनिकों से कहा, "मैंने उत्तर कोरिया में कदम रखा और वे कहते हैं कि यह ऐतिहासिक क्षण था। मैंने देखा कि कई लोगों की आंखें भर आई थीं।"
किम और ट्रंप ने वहां मौजूद पत्रकारों को संबोधित किया। ट्रंप ने कहा, "विश्व के लिए यह एक महान क्षण है और यहां आना मेरे लिए सम्मान की बात है।" साथ ही ट्रंप ने किम जोंग को भी व्हाइट हाउस के लिए भी आमंत्रित किया। ट्रंप ने इसे दुनिया के लिए एक महत्वपूर्ण दिन भी बताया। ये मुलाकात ट्रंप के किम जोंग को मुलाकात के लिए दिए गए निमंत्रण के दो दिन बाद हुई।
इस ऐतिहासिक मुलाकात के बाद ट्रंप रविवार को व्हाइट हाउस लौट आए। वहीं दूसरी ओर न्यूयॉर्क टाइम्स ने किम-ट्रंप की मुलाकात को "बहुत बड़ी नौटंकी" करार दिया है।