अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया खाते पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में चुनाव से जुड़ी कथित साजिश के दावे दिखाए गए। वीडियो में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा को जंगल के वनमानुष के रूप में दिखाया गया।
ट्रंप का यह पोस्ट गुरुवार रात आलोचना का विषय बन गया। लोगों ने कहा कि इसमें देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति और पहली प्रथम महिला नागरिक का अपमान किया गया है और उनका गलत चित्रण किया गया।
यह वीडियो ट्रंप के 2020 के चुनाव को लेकर किए गए झूठे दावों का हिस्सा था। ट्रंप का दावा है कि तब चुनाव परिणामों में हेराफेरी करके उन्हें हरा दिया गया। हालांकि, अदालतों और उनके पहले कार्यकाल के अटॉर्नी जनरल ने नतीजों में हेराफेरी नहीं पाई थी।
वीडियो में क्या दिखाया गया है?
यह वीडियो 62 सेकंड का है। मीम बनाने वाले एक प्रभावशाली दक्षिणपंथी समर्थक के वीडियो से इसके फ्रेम लिए गए हैं। वीडियो में दावा किया गया कि 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग मशीनों के साथ छेड़छाड़ हुई। वीडियो के 60 सेकंड पर दो बनमानुष दिखाए गए हैं। ओबामा का मुस्कुराता चेहरा उनके ऊपर रखा गया है। ये फ्रेम पहले से एक लंबे वीडियो से लिए गए थे। वीडियो में ट्रंप को 'जंगल का राजा' दिखाया गया है। वहीं डेमोक्रेट नेताओं को जानवरों के रूप में दिखाया गया है। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को भी वनमानुष के रूप में दिखाया गया है, जो केला खा रहे हैं।
व्हाइट हाउस ने क्या प्रतिक्रिया दी?
- व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर की जा रही आलोचनाओं को खारिज किया।
- लीविट ने कहा कि यह वीडियो इंटरनेट मीम से लिया गया है। इसमें ट्रंप को जंगल का राजा और डेमोक्रेट्स को 'लायन किंग' के पात्रों के रूप में दिखाया गया है।
- उन्होंने कहा कि कृपया झूठी नाराजगी बंद करें और कुछ ऐसा रिपोर्ट करें जो अमेरिकी की जनता के लिए वास्तव में अहम हो।
ओबामा की तरफ से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, 'रिपब्लिकंस अगेंस्ट ट्रंप' समूह ने वीडियो की आलोचना की। उन्होंने इसे 'नस्लवादी' बताया। समूह ने लिखा, इसका कोई अंत नहीं है।
ये भी पढ़ें:
'पीएम मोदी ने रूस को यूक्रेन पर परमाणु हमला करने से रोका', पोलैंड के मंत्री का बयान
वीडियो हुआ डिलीट
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया अकाउंट से वह वीडियो पोस्ट हटा दिया गया। पोस्ट पर भारी विरोध हुआ, जिसमें नागरिक अधिकार संगठनों और रिपब्लिकन सांसदों ने भी आपत्ति जताई। पहले व्हाइट हाउस ने पोस्ट का बचाव किया, लेकिन बाद में कहा गया कि यह वीडियो एक स्टाफर ने गलती से डाल दिया था और उसे हटा दिया गया है।
ओबामा की लंबे समय से आलोचना कर रहे ट्रंप
ओबामा और उनकी पत्नी की आलोचना ट्रंप लंबे समय से करते रहे हैं। ट्रंप और व्हाउट हाउस के सोशल मीडिया खाते अक्सर मीम और एआई वीडियो पोस्ट करते हैं। उनके करीबियों ने इन आलोचनाओं को हास्यपूर्ण बताया है।
जब ओबामा राष्ट्रपति थे, तब ट्रंप ने कहा था कि उनका जन्म हवाई में नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ओबामा खो राष्ट्रपति बनने का अधिकार नहीं है। ट्रंप ने कई बार कहा कि ओबामा अपने जन्म प्रमाण दिखाएं। ओबामा ने हवाई का जन्म प्रमाण जारी किया। इसको 2016 में ट्रंप ने स्वीकार किया। लेकिन उन्होंने झूठा दावा किया कि हिलेरी क्लिंटन ने यह दुष्प्रचार शुरू किया था।