अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह ईरान के नए युद्ध खत्म करने वाले प्रस्ताव को शायद स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान ने अभी तक अपने किए की काफी बड़ी कीमत नहीं चुकाई है, इसलिए यह प्रस्ताव उन्हें संतोषजनक नहीं लगता।
यह भी पढ़ें-
इस्राइल-US के बीच बड़ा रक्षा सौदा: अमेरिका से खरीदेगा F-35 और एफ-15आईए लड़ाकू विमान, डील को मंजूरी
ईरान के नए प्रस्ताव पर क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह जल्द ही ईरान के प्रस्ताव की पूरी जानकारी और शब्दों की समीक्षा करेंगे, लेकिन फिलहाल उन्हें नहीं लगता कि यह योजना स्वीकार की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 47 वर्षों में ईरान की गतिविधियों को देखते हुए उसे और कड़ा जवाब मिलना चाहिए। इससे पहले ट्रंप ने यह भी संकेत दिया था कि अगर हालात बिगड़ते हैं तो अमेरिका दोबारा हवाई हमले शुरू कर सकता है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि वह अभी ऐसा नहीं करना चाहते, लेकिन इसे पूरी तरह खारिज भी नहीं किया जा सकता।
ईरान पर अमेरिका-इस्राइल ने रोके हमले
करीब चार हफ्ते पहले अमेरिका और इस्राइल ने ईरान पर अपने हमले रोक दिए थे, लेकिन इसके बावजूद युद्ध खत्म करने को लेकर कोई ठोस समझौता नहीं हो पाया है। इस युद्ध की वजह से वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर बड़ा असर पड़ा है, बाजारों में अस्थिरता बढ़ी है और दुनिया में आर्थिक मंदी की आशंका भी गहराई है।
ईरान के प्रस्ताव में क्या?
वहीं ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, उनके प्रस्ताव में सबसे पहले होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को सामान्य करने और अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को खत्म करने की बात शामिल है। परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत बाद में करने का सुझाव दिया गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ट्रंप इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला क्या लेते हैं।
पूरे पश्चिम एशिया में फैला संघर्ष का असर
28 फरवरी से 27 अप्रैल 2026 के बीच हुए हमलों में सबसे ज्यादा असर ईरान और लेबनान पर देखने को मिला है। ईरान में करीब 3375 लोगों की मौत हुई है और 26500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जबकि लेबनान में 2509 लोगों की जान गई और 7755 लोग घायल हुए। इस्राइल में 26 लोगों की मौत और 7791 लोग घायल हुए हैं। इराक में 118 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल बताए गए हैं, जबकि सीरिया और फलस्तीन में चार-चार लोगों की मौत दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें-
क्या सामने आएगा एलियंस का सच?: ट्रंप का दावा- जल्द आएंगी UFO फाइल्स, एलियन रहस्य पर फिर अटकलों का दौर शुरू
खाड़ी देशों में भी इसका असर दिखा है। जॉर्डन में 29 लोग घायल हुए हैं, कुवैत में सात लोगों की मौत और दर्जनों घायल हुए हैं, जबकि बहरीन में तीन लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए। कतर में 20 लोग घायल हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात में 12 लोगों की मौत और 224 लोग घायल हुए हैं, वहीं ओमान में तीन लोगों की मौत और 16 लोग घायल हुए हैं। सऊदी अरब में तीन लोगों की मौत और 29 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा अमेरिकी सेना को भी नुकसान हुआ है, जहां 13 सैनिक मारे गए और करीब 200 घायल हुए हैं।
अन्य वीडियो