अमेरिका में अगले साल होने वाले चुनाव से पहले मंदी की आहट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चिंताओं को बढ़ा दिया है। ट्रंप ने चेताया है कि अगर वह 2020 राष्ट्रपति चुनाव हार जाते हैं तो देश में आर्थिक संकट हो सकता है। लिहाजा ट्रंप ने उन्हें नापसंद करने वाले लोगों से भी देश को मजबूत बनाने के लिए वोट देने की अपील की है।
इस सप्ताह ही अमेरिकी शेयर बाजार ने संभावित मंदी का संकेत दिया है, जिसके बाद निवेशकों, कंपनियों और ग्राहकों को झटका लगा है। हाल ही में दूसरी बार दावेदारी पेश करते हुए दिए गए भाषण में ट्रंप ने मजबूत अर्थव्यवस्था को ही केंद्र में रखा था। यही कारण है यह ट्रंप के लिए बड़ी चिंता का विषय है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के सलाहकारों को डर है कि अगर अर्थव्यवस्था कमजोर होती है तो उदारवादी रिपब्लिकन और स्वतंत्र मतदाताओं का समर्थन खो सकते हैं, जो उनके बयानबाजी और नीतियों को लेकर उनके पक्ष में दिखते हैं। हालांकि ट्रंप ने मंदी की आहट का दोष दूसरों पर मढ़ा है, खासतौर पर फेडरल रिजर्व, जिसमें वह ब्याज दर में कटौती पर जोर दे रहे हैं।
वहीं, अमेरिकी बाजारों में अनिश्चितता चीन के साथ ट्रेड वॉर और दुनिया भर की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं के कारण से भी है। ट्रंप के बेहद नजदीकी सलाहकारों ने उन्हें ट्रेड वॉर को लेकर भविष्य में सख्त कदम उठाने से बचने को कहा है। उनका कहना है कि इससे अमेरिकी ग्राहकों और बाजारों को ही नुकसान पहुंचेगा।