अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ ग्रहण समारोह के पहले ही सप्ताह में अपने वादे के मुताबिक फैसले करके अमेरिका और पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। ट्रंप ने अपने कार्यकाल के पहले ही दिन अमेरिकी इतिहास में सबसे अधिक आदेशों पर हस्ताक्षर किए। ट्रंप की प्रवक्ता का कहना है कि अपने पहले 100 घंटों में ट्रंप ने इतना काम किया है, जितना किसी राष्ट्रपति ने 100 दिन में नहीं किया होगा। इसके अलावा ट्रंप ने एक बार फिर ग्रीनलैंड को अमेरिका हिस्सा बनाने की बात दोहराई।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ लेने के बाद कहा था कि अब अमेरिका स्वर्ण युग शुरू हो रहा है। इसके बाद से लगातार ट्रंप फैसलों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। इसमें पेरिस जलवायु समझौता और विश्व स्वास्थ्य संगठन से अमेरिका को बाहर लाना, प्रतिबंध से बचने के लिए टिकटॉक को 75 दिन का समय देने और क्षमादान शक्तियों का उपयोग समेत कई फैसले शामिल हैं। इसके अलावा ट्रंप ने अवैध आव्रजन रोकने और जन्म से नागरिकता के अधिकार को समाप्त किया। इसके साथ ही ट्रंप ने अपने वादे को पूरा करते हुए ट्रांसजेंडरों की मान्यता खत्म कर दी। ट्रंप ने तमाम कर्मचारियों और उन निगरानी कर्ताओं को हटाया जो उनके निर्णय को चुनौती दे सकते थे।
ग्रीनलैंड होगा अमेरिका का हिस्सा: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा होना चाहिए। अगर डेनमार्क ऐसा नहीं होने देगा तो यह उसका गैर दोस्ताना कार्य होगा। ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि हम ग्रीनलैंड को अपने पास रखेंगे। वहां 55 हजार लोग हैं, वे हमारे साथ रहना चाहते हैं। ट्रंप ने कहा कि मुझे नहीं पता कि डेनमार्क का दावा क्या है, लेकिन अगर वे ऐसा नहीं होने देते हैं तो यह बहुत ही अमित्रतापूर्ण कार्य होगा। क्योंकि यह मुक्त विश्व की सुरक्षा के लिए है। ग्रीनलैंड के लोगों को डेनमार्क द्वारा उनके साथ किया गया व्यवहार पसंद नहीं है।
ट्रंप ने कहा कि आपके पास रूसी जहाज हैं। आपके पास चीनी जहाज हैं। आपके पास कई अन्य देशों के जहाज हैं। यह स्थिति अच्छी नहीं है। मुझे विश्वास है कि ग्रीनलैंड हमें मिलेगा। यह वास्तव में विश्व की स्वतंत्रता से जुड़ा है।
समय के साथ ऊब जाएगी जनता
वर्जीनिया विवि के राजनीति केंद्र के निदेशक लैरी सबातो ने बताया कि अपने नए कार्यकाल के आरंभ में ट्रंप घरेलू और विदेश में गॉडजिला प्रतीत हो रहे हैं। हम सभी ट्रंप को जानते हैं। वह बदल नहीं सकते और बदलेंगे भी नहीं, इसलिए समय के साथ जनता उनकी हरकतों से ऊब जाएगी, जैसा कि उनके पहले कार्यकाल में हुआ था। वहीं जॉर्ज वॉशिंगटन विवि के स्कूल ऑफ मीडिया एंड पब्लिक अफेयर्स के निदेशक पीटर लोगे ने कहा कि ट्रंप कह रहे हैं कि मैं नियंत्रण में हूं।
विदेशों पर भी जमा रहे धाक
शपथ ग्रहण करने से पहले ही ट्रंप विदेशी देशों पर अपनी धाक जमा रहे हैं। ट्रंप में विश्व आर्थिक मंच की बैठक में वर्चुअली रूप से उपस्थित होकर ट्रंप ने कहा था कि देश या तो अमेरिका में उत्पाद बनाएं या टैरिफ का सामना करें। इससे पहले पनामा नहर, ग्रीनलैंड, मैक्सिको खाड़ी और कनाडा को अमेरिका में मिलाने की धमकी देकर ट्रंप ने अपनी धाक जमाई है।