डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
- फोटो : ANI
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर लगाई जा रहीं अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह फर्जी खबरें हैं। मैं पूरे सप्ताह में काफी सक्रिय था। व्हाइट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान जब उनसे सेहत और जनता से दूर रहने पर सवाल किया तो उन्होंने यह जवाब दिया।
ट्रंप से व्हाइट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान उनके स्वास्थ्य के बारे में उड़ रही अफवाहों के बारे में पूछा गया। उनसे पूछा गया कि इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि मैंने सोशल मीडिया पर ऐसा नहीं देखा। यह फर्जी खबर है। मैं सप्ताह के अंत में बेहद सक्रिय था।
ट्रंप ने बताया कि जब वे सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे, तब उन्होंने कुछ इंटरव्यू दिए थे और साथ ही अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर भी पोस्ट कर रहे थे।
ट्रंप ने ऐसे दी थी प्रतिक्रिया
इससे पहले ट्रंप की सेहत को लेकर चल रही अफवाहों के बीच ट्रंप समर्थक डीसी ड्रेनो ने एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि 'जो बाइडन कई-कई दिन सार्वजनिक तौर पर नहीं दिखते थे, लेकिन मीडिया कहता था कि वे तेज और अपने खेल में माहिर हैं। जबकि वे डायपर पहने और झपकी लेते रहते थे। राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिकी इतिहास में किसी भी अन्य राष्ट्रपति की तुलना में सार्वजनिक कार्यों में अधिक समय बिताते हैं और अगर वे 24 घंटे के लिए गायब हो जाते हैं तो मीडिया भड़क उठता है। यह हास्यास्पद और दोहरा मापदंड है।' इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने लिखा कि 'मैंने कभी भी अपने जीवन में इससे बेहतर महसूस नहीं किया।'
ट्रंप को लेकर सोशल मीडिया पर चला ट्रेंड- ट्रंप इज डेड
दरअसल राष्ट्रपति ट्रंप की कुछ तस्वीरें सामने आई, जिनमें ट्रंप के हाथ पर कुछ निशान दिखाई दे रहे थे, जो चोट जैसे लग रहे थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर ट्रंप के स्वास्थ्य को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि सोशल मीडिया पर ट्रंप इज डेड ट्रेंड करने लगा। हालांकि अफवाहों के बाद व्हाइट हाउस को बयान जारी करना पड़ा और उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति नसों से संबंधित एक बीमारी से पीड़ित हैं और हाथों पर दिखाई दिए निशान भी उसी से संबंधित थे।