फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्हाइट हाउस में जिनपिंग से मिले ट्रंप: बोले- हमारे रिश्ते कायम, साथ किया रात्रिभोज; तोहफे में क्या दिया?

Fri, 25 Sep 2026 07:44 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन

सार

अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने व्हाइट हाउस के राजकीय रात्रिभोज से पहले एक-दूसरे के प्रति गर्मजोशी दिखाई। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के रिश्ते कायम हैं, जबकि शी ने अमेरिका-चीन संबंधों में नया अध्याय लिखने की बात कही। ट्रंप ने शी को खास तोहफा भी दिया। लेकिन सवाल है कि क्या यह गर्मजोशी पुराने मतभेद कम करेगी? दोनों नेताओं ने और क्या कहा?
विज्ञापन
जिनपिंग के स्वागत में ट्रंप की खास मेहमाननवाजी, - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक और रणनीतिक मुद्दों पर हमेशा से मतभेद रहे हैं। हालांकि, इस बार ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच वॉशिंगटन में गर्मजोशी देखने को मिली। व्हाइट हाउस में आयोजित राजकीय रात्रिभोज से पहले दोनों नेताओं ने अमेरिका-चीन संबंधों को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के लोगों के बीच रिश्तों को मजबूत करने की बात कही। ट्रंप ने शी और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का व्हाइट हाउस में स्वागत किया। इस दौरान ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद रहीं।

ट्रंप ने अमेरिका-चीन रिश्तों को लेकर क्या कहा?

  • ट्रंप ने कहा कि दोनों देश अलग-अलग राजनीतिक व्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन अमेरिकी और चीनी लोगों के बीच संबंध बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के तौर पर वे इस रिश्ते को ऐसी दिशा में ले जा सकते हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि और सुरक्षा बढ़े।
  • ट्रंप ने शी और पेंग का स्वागत करते हुए चीन की अपनी पिछली यात्रा को भी याद किया और कहा कि जिस तरह चीन में उनका स्वागत हुआ था, अमेरिका भी चीनी प्रतिनिधिमंडल को वैसा ही सम्मान देना चाहता है।

जिनपिंग ने रिश्तों के लिए किस नए अध्याय की बात की?

शी जिनपिंग ने भी बातचीत का रुख सकारात्मक रखा। उन्होंने अमेरिका-चीन दोस्ती की तुलना लगातार बहती नदी से करते हुए कहा कि इतिहास कभी रुकता नहीं है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों की दोस्ती को आगे बढ़ाने और मिलकर रिश्तों में नया अध्याय लिखने की अपील की। शी ने कहा कि दोनों देशों को साथ मिलकर इस रिश्ते की अच्छी संभावनाओं को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने ट्रंप और मेलानिया ट्रंप को मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद भी दिया और कहा कि उन्हें इस यात्रा के दौरान घर जैसा महसूस कराया गया।

ट्रंप ने शी को क्या खास तोहफा दिया?

राजकीय रात्रिभोज के दौरान ट्रंप ने शी जिनपिंग को अमेरिकी कलाकार द्वारा तैयार किया गया बाल्ड ईगल का एक उपहार भी दिया। ट्रंप ने इसे अमेरिका का राष्ट्रीय प्रतीक बताया और कहा कि यह अमेरिका की स्वतंत्र तथा ऊंची उड़ान भरने वाली भावना का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपहार बीजिंग में एक अच्छी जगह पर रखा जाएगा। इस उपहार को दोनों देशों के बीच सार्वजनिक रूप से दिखाई गई गर्मजोशी के प्रतीक के तौर पर भी देखा गया।

राजकीय रात्रिभोज में कौन-कौन हुआ शामिल?

व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में हुए रात्रिभोज में अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा तकनीक, वित्त, मीडिया और कारोबार की दुनिया के कई बड़े नाम शामिल हुए। इनमें एपल के प्रमुख टिम कुक, ओपनएआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन, एनवीडिया के जेनसन हुआंग, मेटा के मार्क जुकरबर्ग, जूम के एरिक युआन और टिकटॉक निवेशक जेफ यास जैसे नाम शामिल थे। वित्तीय क्षेत्र से जेपी मॉर्गन चेज, ब्लैकरॉक और गोल्डमैन सैक्स के प्रमुख भी मौजूद रहे। एलवीएमएच के बर्नार्ड अर्नाल्ट और फाइजर के अल्बर्ट बोरला भी मेहमानों में शामिल थे।

क्या दोनों देशों के बीच मतभेद खत्म हो गए?

ट्रंप और शी के बयानों में रिश्तों को स्थिर और रचनात्मक बनाने पर जोर जरूर दिखा, लेकिन अमेरिका और चीन के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दे अभी भी मौजूद हैं। व्यापार, ताइवान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उन्नत तकनीक और महत्वपूर्ण खनिज जैसे विषय दोनों देशों के संबंधों में अहम बने हुए हैं। ऐसे में व्हाइट हाउस का यह रात्रिभोज और दोनों नेताओं की सकारात्मक भाषा रिश्तों में संवाद और सहयोग की इच्छा दिखाती है, लेकिन इससे सभी पुराने मतभेद खत्म हो गए हैं, ऐसा कहना अभी जल्दबाजी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें