अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को उनकी लिबरल पार्टी की चुनावी जीत पर बधाई दी। साथ ही दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से फोन पर बात की और जल्द ही आमने-सामने मुलाकात करने पर सहमति जताई। मामले में जानकारी देते हुए कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि आज प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने अमेरिका और कनाडा के बीच आपसी सहयोग और स्वतंत्रता के आधार पर संबंध मजबूत करने पर भी जोर दिया।
बढ़ते तनाव के बीच बातचीत अहम
कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ से कनाडा की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है। साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप की टैरिफ नीतियों और बयानों से कनाडा-अमेरिका के रिश्तों में हाल के दिनों में तनाव भी देखने को मिला है। जहां ट्रंप ने यहां तक कह दिया था कि कनाडा अमेरिका का 51वां राज्य है।
हालांकि ट्रंप की टैरिफ नीतियों को लेकर कार्नी पहले ही साफ कर चुके हैं कि ट्रंप के नए ऑटो टैरिफ के बाद अमेरिका और कनाडा के पुराने मजबूत आर्थिक और सुरक्षा संबंध अब पहले जैसे नहीं रहे। जहां उन्होंने कहा था कि हमारे अमेरिका के साथ पारंपरिक रिश्ते, जो गहरे आर्थिक जुड़ाव और सैन्य सहयोग पर आधारित थे, अब खत्म हो गए हैं।
कनाडा के लिए चुनैतीपूर्ण समय, समझिए कैसे?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति कनाडा के लिए एक चुनौती के तौर पर है। इसका स्पष्ट कारण है कि कनाडा का 70% से ज्यादा निर्यात अमेरिका को जाता है, जिसमें ऑटो पार्ट्स, लकड़ी, कृषि उत्पाद और स्टील शामिल हैं। ऐसे में अमेरिका की टैरिफ नीति सीधे तौर पर कनाडा की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रही है।