राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिकियों को चेतावनी दी है कि उनके पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रम्प और उनके कट्टर अनुयायी (फॉलोअर्स) लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। बाइडन ने लोगों से उन 'अतिवादियों' का सामना करने के लिए कहा है जो सत्ता की तलाश में राजनीतिक हिंसा की आग को भड़काते हैं।
फिलाडेल्फिया के प्रतिष्ठित इंडिपेंडेंस हॉल से एक प्राइम टाइम स्पीच में बाइडन ने रिपब्लिकन पार्टी पर तीखा हमला किया और चेतावनी दी कि ट्रम्प के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' के समर्थकों का एजेंडा अमेरिकी लोकतंत्र के लिए खतरा है।
'समानता-लोकतंत्र पर हमला हो रहा, देश में सबकुछ सामान्य नहीं'
नवंबर के मध्यावधि चुनाव से पहले डेमोक्रेट नेता बाइडन ने कहा, "समानता और लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। आज हमारे देश में जो कुछ भी हो रहा है, वह सामान्य नहीं है। डोनाल्ड ट्रम्प और एमएजीए (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) समर्थक रिपल्बिकन एक अतिवाद का प्रतिनिधित्व करते हैं जो हमारे गणतंत्र के लिए खतरा है। एमएजीए समर्थक रिपब्लिकन, संविधान का सम्मान नहीं करते हैं।"
'रिपब्लिकन पार्टी पर हावी हैं डोनाल्ड ट्रम्प और एमएजीए समर्थक'
79 वर्षीय राष्ट्रपति ने डोनाल्ड ट्रम्प के 2016 के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' नारे का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि आज डोनाल्ड ट्रम्प और एमजीएम समर्थक रिपब्लिकन पार्टी पर हावी हैं और पार्टी इससे भयभीत है। बाइडन ने कहा कि यह इस देश के लिए एक खतरा है।
'देश को पीछे धकेलना चाहती हैं बड़ी ताकतें'
बाइडन ने आगे कहा कि बड़ी ताकतें इस देश को इतना पीछे ले जाने के लिए कृतसंकल्प हैं, जहां न चुनने का अधिकार है, न निजता का अधिकार, न गर्भनिरोधक का अधिकार, न ही जिससे आप प्यार करते हैं उससे शादी करने का अधिकार। वे सत्तावादी नेताओं को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने राजनीतिक हिंसा की आग की लपटों को हवा दी।
किसी एक नेता के प्रति अंध निष्ठा घातक : बाइडन
अपने 25 मिनट के भाषण में बाइडन ने बार-बार ट्रम्प का जिक्र किया। ट्रम्प अभी भी 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम पर सवाल उठा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "इतिहास हमें बताता है कि किसी एक नेता के प्रति अंध निष्ठा और राजनीतिक हिंसा में शामिल होने की इच्छा लोकतंत्र के लिए घातक है।"