अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया संघर्ष की कवरेज को लेकर अमेरिकी मीडिया पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मीडिया ईरान की हार को भी उसकी जीत बताएगा। ट्रंप ने सीएनएन, न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल को फेक न्यूज मीडिया बताते हुए कड़ी आलोचना की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर पश्चिम एशिया संघर्ष की कवरेज को लेकर अमेरिकी मीडिया पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि कई बड़े मीडिया संस्थान उनकी सरकार और अमेरिका के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर ईरान पूरी तरह आत्मसमर्पण भी कर दे, तब भी मीडिया उसे ईरान की जीत बताने की कोशिश करेगा। ट्रंप ने यह टिप्पणी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर की। उन्होंने अपने पोस्ट में द न्यूयॉर्क टाइम्स, द वॉल स्ट्रीट जर्नल और सीएनएन जैसे मीडिया संस्थानों पर निशाना साधा। ट्रंप ने कहा कि ये मीडिया संस्थान और डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता 'पूरी तरह रास्ता भटक चुके हैं' और 'पागल हो गए हैं'।
CNN, न्यूयॉर्क टाइम्स और WSJ पर भड़के ट्रंप
अपने लंबे पोस्ट में ट्रंप ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अगर ईरान आत्मसमर्पण कर दे, उसकी सेना हथियार डाल दे और नेतृत्व हार मान ले, तब भी मीडिया यह दिखाएगा कि ईरान ने अमेरिका पर बड़ी जीत हासिल की है। हालांकि ट्रंप ने यह साफ नहीं किया कि किस खास रिपोर्ट या खबर से वह नाराज थे। लेकिन माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति पर मीडिया कवरेज को लेकर उन्होंने यह प्रतिक्रिया दी है।
विज्ञापन
'फेक न्यूज मीडिया ने रास्ता खो दिया'
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने मीडिया पर हमला बोला हो। पिछले महीने भी उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्टिंग की आलोचना की थी। ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स पर ईरान को लेकर 'फर्जी खबरें' फैलाने का आरोप लगाया था और कहा था कि अखबार को अमेरिका और उनके खिलाफ गलत रिपोर्टिंग के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया था कि मीडिया की रिपोर्टों के बावजूद ईरान 'सैन्य और अन्य स्तरों पर पूरी तरह तबाह' हो चुका है। वहीं वॉल स्ट्रीट जर्नल के संपादकीय बोर्ड ने ट्रंप के ईरान संघर्ष में जल्द जीत घोषित करने वाले बयान को 'समय से पहले' बताया था, जिस पर ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।
28 फरवरी से पश्चिम एशिया में तनाव
इसी बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है। अमेरिकी सेना ने रविवार को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी मिसाइल लॉन्च साइट्स और नौकाओं को निशाना बनाते हुए 'आत्मरक्षा कार्रवाई' करने की बात कही थी। दूसरी ओर ईरान ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि इससे अमेरिका की 'बेईमानी और अविश्वसनीयता' उजागर होती है। हालांकि दोनों देशों के बीच युद्धविराम लागू है, लेकिन हालिया घटनाओं ने पश्चिम एशिया में तनाव को फिर बढ़ा दिया है।