अमेरिका और जापान ने कहा है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के साथ मिलकर वे यह सुनिश्चित करेंगे कि क्वाड दूसरों की भलाई के लिए काम करने की एक ताकत बना रहे। व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और जापान के पीएम फुमियो किशिदा के बीच बैठक के बाद दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान में यह बात कही। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि हमारी नींव के रूप में अटूट द्विपक्षीय संबंध के साथ हम हिंद-प्रशांत तथा दुनिया के फायदे के लिए क्षेत्र में तथा उसके बाहर अन्य पक्षों के साथ भी साझेदारी करेंगे। इसके मुताबिक, भारत और ऑस्ट्रेलिया के साथ मिलकर हम यह सुनिश्चित करेंगे कि क्वाड दूसरों की भलाई के लिए काम करने की ताकत, वैश्विक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, जलवायु, अहम और उभरती प्रौद्योगिकियों तथा समुद्री क्षेत्र की जागरूकता पर परिणाम देने समेत क्षेत्र के लिए ठोस लाभ लाने के लिए प्रतिबद्ध बना रहे।
साझा बयान में कहा गया कि जापान और अमेरिका आसियान केंद्रीयता और एकता के साथ ही हिंद-प्रशांत पर आसियान दृष्टिकोण का समर्थन करते रहेंगे। इससे पहले व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में बाइडन ने कहा कि पहले कभी अमेरिका, जापान के इतना करीब नहीं रहे। उन्होंने कहा, गत वर्ष जापान में आपने मुझसे कहा था और मैं कहता हूं, हम दो राष्ट्र हैं जो मूलभूत मूल्य साझा करते हैं। ये साझा लोकतांत्रिक मूल्य हमारी ताकत, हमारे गठबंधन का स्रोत हैं और सभी लोगों के लिए काम करने में सक्षम होने का आधार हैं।
अमेरिका क्वाड के लिए प्रतिबद्ध
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, हम रक्षा खर्च में जापान की ऐतिहासिक वृद्धि और नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति के निर्माण पर अपने सैन्य गठबंधन का आधुनिकीकरण कर रहे हैं। अमेरिका पूरी तरह क्वाड गठबंधन और सबसे महत्वपूर्ण जापान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, हम हिंद-प्रशांत आर्थिक रूपरेखा समेत तकनीकी और आर्थिक मुद्दों पर निकटता से काम कर रहे हैं। पीएम किशिदा ने कहा, क्षेत्र में शांति-समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए जापान ने पिछले साल एक नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति बनाई है और इसमें क्वाड का खास महत्व है।
आसियान नजरिए का समर्थन जारी
इसमें कहा गया है, हम आसियान केंद्रीयता और एकता के साथ-साथ हिंद-प्रशांत पर आसियान नजरिए का समर्थन करना जारी रखेंगे। हम सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में जापान, कोरिया गणराज्य और अमेरिका के बीच महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
किशिदा जी-7 देशों के अपने दौरे के अंतिम चरण में अमेरिका पहुंचें। किशिदा ने फ्रांस, इटली, ब्रिटेन और कनाडा समेत छह देशों की अपनी यात्रा सोमवार को शुरू की थी। 13 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से उनकी मुलाकात हुई। रक्षा मंत्री यासुकाजु हमादा और विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी अपने अमेरिकी समकक्षों लॉयड ऑस्टिन और एंटनी ब्लिंकेन से ‘टू प्लस टू’ सुरक्षा वार्ता के लिए बुधवार को रवाना हुए थे।