उत्तरी गाजा पट्टी में इस्राइली सैनिकों के हमले में फलस्तीन के तीन लोग मारे गए। फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। इससे कुछ घंटे पहले इस्राइल की ओर तीन रॉकेट दागे गए थे। मंत्रालय ने बताया कि एक अन्य फलस्तीनी गोलीबारी में घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है। इस्राइली सेना ने बताया कि उत्तरी गाजा पट्टी में सीमा के करीब कई सशस्त्र संदिग्धों पर युद्धक हेलीकॉप्टर और टैंक से हमला किया गया।
सेना ने टि्वटर पर पोस्ट किए एक बयान में कहा, ‘हमने गाजा से इस्राइली सीमा की ओर बढ़ रहे सशस्त्र संदिग्धों की पहचान की है। हमने उनकी तरफ गोलीबारी की। यह ताजा हमला तब हुआ है जब हमास शासित गाजा पट्टी में फलस्तीनियों ने शनिवार देर रात दक्षिणी इस्राइल में तीन रॉकेट दागे। इस्राइली सेना ने बताया कि 24 घंटे में यह दूसरा हमला है।
सेना ने बताया कि गाजा पट्टी से इस्राइली क्षेत्र में तीन रॉकेट दागे गए। आयरन डोम हवाई रक्षा प्रणाली ने दो रॉकेटों को नष्ट कर दिया। शुक्रवार को भी गाजा में फलस्तीनियों ने स्देरोट शहर में एक रॉकेट दागा था जिसे सेना ने 12 जुलाई के बाद से इस तरह का पहला हमला बताया।
इसके जवाब में इस्राइल के युद्धक विमानों ने गाजा पट्टी में शनिवार तड़के कम से कम तीन ठिकानों को निशाना बनाया।