हमले में घायल हुई इसराइली महिला को अस्पताल ले जाते स्वास्थ्यकर्मी
इसराइली सेना के कब्जे वाले पश्चिमी किनारे में रमल्ला के नज़दीक तीन इसराइली नागरिकों की चाकू मारकर हत्या की गई है। हलामिश में हुए हमले में एक अन्य इसराइली घायल हुआ है। इसराइली सेना का कहना है कि हमलावर को पकड़ लिया गया है।
येरुशलम के पवित्र स्थल पर फ़लस्तीनी और इसराइली सेना के बीच झड़प के ख़त्म होने के बाद यह हमला हुआ। पूर्वी यरुशलम और कब्ज़े वाले पश्चिमी किनारे पर इसराइली सुरक्षाबलों के साथ हुई झड़पों में तीन फ़लस्तीनी मारे गए थे जबकि सैकड़ों घायल हुए थे।
फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा है कि वे इसराइल के साथ अपने सभी संबंध समाप्त कर रहे हैं, क्योंकि इसराइल ने उस पवित्र स्थल पर मेटल डिटेक्टर लगाए हैं जिसे मुसलमान हरम अल शरीफ़ जबकि यहूदी टेंपल माउंट कहते हैं। इसराइली सेना ने कहा है कि हमलावर का नाम ओमर अल-अबेद है जो कि एक फ़लस्तीनी युवा है।
पिछले दो साल में चाकू और गोली मारने जैसी घटनाओं में करीब 47 इसराइलियों ने अपनी जान गंवाई है। इस दौरान 255 फ़लस्तीनी हमलावर भी मारे गए हैं।